- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आपदा प्रभावित किसानों को 337 करोड़...
Mumbai News: आपदा प्रभावित किसानों को 337 करोड़ रुपए मंजूर, एमफिल की डिग्री वालों को नेट परीक्षा से छूट

- फरवरी से मई के बीच हुए फसलों की क्षति के लिए नुकसान भरपाई
- ठाणे, पालघर, नागपुर सहित कई जिलों के किसानों को मिलेगी मदद
- एमफिल की डिग्री वाले प्राध्यापकों को नेट परीक्षा से छूट
- एमसीएमसीआर को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र का दर्जा
- प्राणी कल्याण कानून के निगरानी समिति के अध्यक्ष होंगे पूर्व न्यायमूर्ति तातेड
Mumbai News. प्रदेश में फरवरी से मई 2025 के बीच विभिन्न जिलों में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के लिए 3 लाख 98 हजार 603 किसानों को 337 करोड़ 41 लाख 53 हजार रुपए की मदद वितरित करने को मंजूरी दी गई है। मंगलवार को राज्य के राजस्व विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। राज्य के नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, पुणे, नाशिक, कोंकण और अमरावती विभाग के अलग-अलग जिलों में इस साल बीते फरवरी से मई के बीच बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण 187053.21 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों का नुकसान हुआ है। इसके मद्देनजर संबंधित विभागीय आयुक्तों की ओर से आपदा प्रभावित किसानों को मदद के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया था। जिसके आधार पर सरकार ने किसानों को 337 करोड़ 41 लाख 53 हजार रुपए की मदद मंजूर किया है। प्रचलित नियमों के अनुसार किसानों को नुकसान भरपाई की राशि ऑनलाइन बैंक खाते में जमा कराई जाएगी। जिलाधिकारियों को लाभार्थी किसानों की सूची जिले की वेबसाइट पर प्रकाशित करनी होगी। सरकार ने बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मदद राशि में से किसानों का पुराना बकाया वसूली न की जाए।
एमफिल की डिग्री वाले प्राध्यापकों को नेट परीक्षा से छूट
राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग ने एमफिल की डिग्री वाले प्राध्यापकों को राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (एनईटी) पास करने से छूट दे दी है। राज्य के 12 विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध कॉलेजों में कार्यरत 1421 प्राध्यापकों को इसका लाभ मिलेगा। इससे जुड़ा 212 पन्नों का शासनादेश जारी करते हुए उन प्राध्यापकों की सूची भी प्रकाशित की गई है, जिन्हें इसका लाभ मिलेगा। सूची में 50 ऐसे भी प्राध्यापक हैं, जिन्हें अपात्र करार दिया गया है। मुंबई विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और विभागों में कार्यरत 70 प्राध्यापकों के नाम सूची में शामिल हैं।
एमसीएमसीआर को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र का दर्जा
प्रदेश सरकार ने मुंबई मनपा के एमसीजीएम सेंटर फॉर म्यूनिसिपल कैपेसिटी बिल्डिंग एण्ड रिसर्च संस्था (एमसीएमसीआर) को एक विशेष प्रशिक्षण संस्था के रूप में मंजूरी दी है। प्रदेश के नगर विकास विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी किया है। इससे राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा प्रवेश नियम के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। नगर निकायों के कर्मियों को केंद्र और राज्य सरकार की प्रचलित नीति के अनुसार प्रशिक्षण देना आवश्यक रहोगा। सरकार ने स्पष्ट कहा है कि इस प्रशिक्षण केंद्र के लिए सरकार की ओर से किसी प्रकार की निधि उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। प्रशिक्षण के लिए आवश्यक खर्च सभी संबंधित नगर निकायों को स्वनिधि से करना होगा। महाराष्ट्र सरकार ने साल 2011 की नीति के अनुसार राज्य की प्रशिक्षण नीति तय की है। इस नीति के तहत राज्य के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक प्रशिक्षण दिया जाता है। नए और तबादले के जरिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ठ ज्ञान की आवश्यकता होने के कारण प्रशिक्षण को अनिवार्य किया गया है। पुणे स्थित यशदा राज्य की शिखर प्रशिक्षण संस्था है। इसके अधीन विभागीय और जिलास्तरीय प्रशिक्षण संस्था की संरचना की गई है। साल 1992 में हुए 74 वां संविधान संशोधन अधिनियम में शहरी स्थानीय निकायों को संवैधानिक दर्जा दिया गया है। इसकी 12वीं अनुसूची के प्रावधानों के अनुसार मुंबई मनपा की संस्था को विशेष प्रशिक्षण संस्था के रूप में मंजूरी दी गई है।
प्राणी कल्याण कानून के निगरानी समिति के अध्यक्ष होंगे पूर्व न्यायमूर्ति तातेड
राज्य प्राणी कल्याण कानून के निगरानी के लिए गठित समिति के अध्यक्ष पद पर बाम्बे हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति कमल किशोर तातेड को नियुक्त किया गया है। प्रदेश के पशुसंवर्धन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। राज्य में महाराष्ट्र प्राणी कल्याण अधिनियम-1976, केंद्र सरकार के प्राणियों के प्रति क्रूरता रोकने संबंधित अधिनियम-1960 और अन्य अधिनियमों पर निगरानी के लिए समिति बनाई गई है। इससे पहले बाम्बे हाईकोर्ट और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अभय ठिपसे को प्राणी कल्याण कानून के निगरानी समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद राज्य प्राणी कल्याण कानून निगरानी समिति के अध्यक्ष तातेड को नियुक्त किया गया है।
Created On :   22 July 2025 10:41 PM IST