- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- ताउम्र आप यही गलती करते रहे, धूल...
Mumbai News: ताउम्र आप यही गलती करते रहे, धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे

- राहुल गांधी के लेख का उत्तर मुख्यमंत्री फडणवीस ने लेख के जरिए दिया
- राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मैच फिक्सिंग के आरोप लगाए थे
Mumbai News कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मैच फिक्सिंग के आरोप लगाने के बाद अब राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अपने लेख के जरिए उसका जवाब दिया है। फडणवीस ने रविवार को लेख के जरिए कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को साल 2024 के विधानसभा चुनाव में मिली हार का आत्मचिंतन करने के साथ हार को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल अभी से बिहार समेत अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में मिलने वाली संभावित हार के लिए बहाने बना रहे हैं। फडणवीस ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ताउम्र आप यही गलती करते रहे, धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।
लेख का जवाब लेख से : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक लेख साझा करते हुए आरोप लगाया था कि जिस तरह से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली करने का ब्लूप्रिंट था, अब यह मैच फिक्सिंग बिहार में भी दोहराई जाएगी। राहुल के लेख का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी अपना लेख रविवार को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक प्रक्रिया और लोगों के जनादेश का लगातार अपमान कर रहे हैं। फडणवीस ने राहुल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब राहुल ने पहले ही चुनाव परिणामों पर सवाल उठाए थे तो केंद्रीय चुनाव आयोग ने उसका जवाब देते हुए अपनी बात रखी थी। लेकिन बार-बार एक ही तरह के आरोप लगाने के बजाय राहुल को आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उन्हें यह पता लगाना चाहिए कि उनकी पार्टी चुनाव में वह क्या करने में नाकाम रही है जो राज्य की जनता ने उन पर विश्वास नहीं किया।
बिहार चुनाव के लिए बना रहे हैं बहाने : फडणवीस ने कहा कि लगातार हार पर सवाल उठाने से अच्छा है कि राहुल को अपनी हार स्वीकार कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता बिहार सहित कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में हार के बहाने तैयार कर रहे हैं। यही कारण है कि जिन मुद्दों पर केंद्रीय चुनाव आयोग अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है, आखिरकार वही बहाने बार-बार कांग्रेस के नेता क्यों बनाते हैं? फडणवीस ने कहा कि जो पिछले लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शाम 5 बजे के मतदान का आंकड़ा 60 फीसदी बताया गया था, उसे अगले दिन 66 फीसदी कर दिया गया। तो फिर अपनी पार्टी को मिली ज्यादा सीटों के चलते उन्होंने उस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल क्यों नहीं उठाया था।
गांधी के सवालों का जवाब भाजपा क्यों दे रही है- सपकाल : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा लिखे लेख पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल केंद्रीय चुनाव आयोग से पूछा, तो फिर भाजपा के नेता इस पर अपनी सफाई क्यों दे रहे हैं? सपकाल ने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग ने अभी तक महाराष्ट्र में लगभग 6 फीसदी तक बढ़े मतदान प्रतिशत को लेकर अभी तक कोई ठोस जवाब नहीं दिया है। इसलिए राहुल गांधी को यह लेख लिखकर फिर से सवाल पूछना पड़ा है।
Created On :   8 Jun 2025 8:00 PM IST