Mumbai News: शिवाजी नगर में 5.50 लाख रुपए में नवजात की बिक्री मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शिवाजी नगर में 5.50 लाख रुपए में नवजात की बिक्री मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
  • गिरफ्तार महिलाएं बच्चा बिक्री गिरोह की सदस्य
  • नवजात की बिक्री मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
  • शिवाजी नगर में 5.50 लाख रुपए में नवजात की बिक्री

Mumbai News. मुंबई के शिवाजी नगर इलाके में 6 दिन के नवजात की 5.50 लाख रुपए में बिक्री का मामला सामने आया है। इस मामले में शिवाजी नगर पुलिस ने जाल बिछाया और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी निगरानी में है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नाजिमा असलम शेख उर्फ नसरीन और फातिमा मेहमूद अली शेख के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार उसे जैसे ही बच्चा बिक्री की सूचना मिली, उसने त्वरित कार्रवाई की। लोटस जंक्शन इलाके में एक महिला नवजात बच्चे को लेकर पहुंची थी। वह बच्चे को बेचने के लिए 5.50 लाख रुपए की मांग कर रही थी। उसी समय पुलिस ने छापा मारकर बच्चा बेचने आई महिला और उसकी एक महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि बच्चे की मां ने 1 अगस्त 2025 को एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे की बिक्री से जो रकम मिलने वाली थी, उसे समीर उर्फ नबील शेख और उसके अन्य साथियों में बांटा जाना था। खास बात यह है कि गिरफ्तार महिलाओं में से एक पर पहले भी बच्चा बिक्री का मामला दर्ज है।

घटनास्थल से पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है। बच्चा फिलहाल सुरक्षित है और उसकी देखभाल की जा रही है। शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनघा सतावसे ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी समीर उर्फ नबील शेख और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि इस गिरोह ने इसके अलावा और कितने बच्चों की इस तरह से बिक्री की है।

Created On :   7 Aug 2025 9:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story