विधानसभा: नाना ने उठाया मंत्रियों- नेताओं और अधिकारियों के हनी ट्रैप का मुद्दा, सरकार पर हमला

नाना ने उठाया मंत्रियों- नेताओं और अधिकारियों के हनी ट्रैप का मुद्दा,  सरकार पर हमला
  • हनी ट्रैप का मुद्दा कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने उठाया
  • राज्य सरकार पर हमला बोला

Mumbai News. महाराष्ट्र विधानसभा में मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों के हनी ट्रैप का मुद्दा कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने उठाते हुए राज्य सरकार पर हमला बोला। पटोले ने बुधवार को सदन में आवाज उठाते हुए कहा कि राज्य में नेताओं और अधिकारियों के हनी ट्रैप में फंसने की चर्चा सोशल मीडिया के अलावा मीडिया की सुर्खियां बनी हुई है। पटोले ने कहा कि इस मामले में मुंबई के एक पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के पास हनी ट्रैप के वीडियो भी हैं। पटोले ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि सरकार को इस बारे में खुलासा करना चाहिए कि आखिरकार मामला क्या है। पटोले ने विधानसभा में सवाल उठाते हुए कहा कि जब हनी ट्रैप की घटनाओं की जानकारी मीडिया में आ गई है तो फिर राज्य सरकार चुप क्यों है? क्या हनी ट्रैप में फंसे मंत्रियों, राजनेताओं और नौकरशाहों को बचाने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। राज्य के मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस हनी ट्रैप की सच्चाई के बारे में राज्य की जनता को बताने की जरूरत है।

उधर राकांपा (शरद) मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने कहा कि मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों को हनीट्रैप में फंसा लिया गया लेकिन खुफिया एजेंसियों को पता ही नहीं लगा। ऐसे में सरकार को हनी ट्रैप में शामिल लोगों को बेनकाब करना चाहिए। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया के अलावा मीडिया में हनी ट्रैप की चर्चा सुर्खियों में है, जिसमें 72 लोगों के फंसे होने का दावा किया जा रहा है।

Created On :   16 July 2025 9:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story