भारत जोड़ो न्याय यात्रा: अब किसानों के साथ होगा न्याय, राहुल गांधी ने पेश की किसान न्याय गारंटी

अब किसानों के साथ होगा न्याय, राहुल गांधी ने पेश की किसान न्याय गारंटी
  • किसानों को जीएसटी से बाहर रखा जाएगा, होगी कर्ज माफी
  • फसल बीमा योजना के पुनर्गठन का किया वादा
  • राहुल गांधी ने पेश की ‘किसान न्याय गारंटी'

डिजिटल डेस्क, मुंबई. देश के किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली बॉर्डर और रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि फसल गारंटी मूल्य (एमएसपी) कानून बनाया जाए, लेकिन मोदी सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। मोदी सरकार ने देश के अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया है लेकिन किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं किया है। जो लोग किसानों की तकलीफ नहीं जानते, वह किसानों का क्या भला करेंगे। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नासिक में ‘किसान न्याय गारंटी' पेश किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आई तो किसानों के साथ न्याय होगा। उनके दरवाजे किसानों के लिए हमेशा खुले रहेंगे। इसके साथ ही किसानों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा जाएगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में गुरुवार को राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत भी शामिल हुए।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का ‘इंडिया' गठबंधन सत्ता में आने पर किसानों की आवाज बनेगा और उनके हितों की रक्षा के लिए कार्य करेगा। किसानों के लिए ऋण माफी, फसल बीमा योजना का पुनर्गठन, आयात-निर्यात करने के दौरान किसानों के हितों की रक्षा और किसानों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा जाएगा। इसके साथ ही किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी दी जाएगी। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश के 20 से 25 लोगों के पास उतनी संपत्ति है, जितनी देश की 70 करोड़ आबादी के पास है। राहुल ने दोहराया कि साल 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार ने किसानों का 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था। लेकिन आज सिर्फ अमीरों का कर्ज माफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फौज में अग्निपथ योजना को लागू कर दिया गया है, लेकिन अग्निवीरों को न तो पेंशन मिलेगी और न ही शहीद का दर्जा। हमारे सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, वैसे ही किसान देश में नागरिकों की रक्षा करते हैं। सभा की समाप्ति के बाद राहुल गांधी ने शाम को त्र्यंबकेश्वर मंदिर जाकर दर्शन पूजन किया।

पवार और राऊत ने दिया राहुल का साथ

नाशिक में हुई किसान सभा में शरद पवार ने कहा कि राज्य के अंगूर, प्याज और कपास की फसलों को सही कीमत नहीं मिल रही है। आज किसान जिस संकट में है उसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। मौजूदा भाजपा सरकार किसानों के प्रति उदासीन है, जिसके चलते किसानों की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। उद्धव गुट के सांसद संजय राऊत ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में किसानों की बात सुन रहे हैं लेकिन कुछ लोग सिर्फ अपने मन की बात करते हैं। राऊत ने कहा कि नाशिक प्याज का शहर है, लेकिन इस प्याज ने किसानों को ही रुला दिया है।

Created On :   14 March 2024 3:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story