- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज्य सरकार साढ़े तीन लाख युवतियों...
राज्य सरकार साढ़े तीन लाख युवतियों को देगी आत्मरक्षा प्रशिक्षण

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य सरकार ने महिलाओं के प्रति हो रही हिंसा से निपटने के लिए 3 लाख 50 हजार युवतियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने का फैसला किया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बुधवार को बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए राज्य के महाविद्यालयों और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जाएगी। यह प्रशिक्षण 3 जुलाई से 15 जुलाई तक दिया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्य में महिलाओं और युवतियों के प्रति बढ़ रहे अत्याचार राज्य सरकार के लिए चिंता का सबब बने हुए है। यही कारण है सरकार ने युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लोढ़ा ने कहा कि महाराष्ट्र का देश में सबसे ज्यादा शहरीकरण हुआ है। लिहाजा बदलते समय के अनुसार महिलाओं की समस्याओं का निराकरण करना सरकार की बड़ी जवाबदारी बन गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों पर हो रही हिंसा के कई मामलों में तो उनकी हत्या कर दी जाती है। इसलिए सरकार ने राजमाता जिजाऊ युवती आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करने का फैसला किया है।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्यभर के विश्वविद्यालयों के सहयोग से जिला और तहसील स्तर पर आयोजित होंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गैर सरकारी संगठन के अलावा साइबर सेल के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे जो साइबर अपराध से निपटने के टिप्स देंगे। शुरुआत में युवतियों को 3 दिन आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद अगर कोई युवती आगे के कार्यक्रम में रुचि रखती है तो फिर उसे 15 दिन के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में भेजा जाएगा। सरकार ने इस आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए सभी विश्वविद्यालयों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ करार किया है।
Created On :   21 Jun 2023 8:50 PM IST