तफ्तीश: गैंगस्टर प्रसाद पुजारी को 14 दिन की हिरासत, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

गैंगस्टर प्रसाद पुजारी को 14 दिन की हिरासत, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
  • विदेश में रहते हुए करा रहा था हफ्ता वसूली
  • पूछताछ में अपराध के कई राज आ सकते हैं सामने
  • आरोपी 8 मामलों में था वांछित

अखिलेश तिवारी, मुंबई । मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रसाद उर्फ विट्ठल पुजारी उर्फ सिद्धार्थ शेट्टी उर्फ सिद्ध को शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की हिरासत में भेज दिया है। क्राइम ब्रांच की संयुक्त पुलिस आयुक्त लखमी गौतम ने बताया कि उस पर मुंबई के पुलिस स्टेशन में 8 मामले दर्ज हैं, जिसमें से पांच मामले हफ्ता उगाही रोधी प्रकोष्ठ (एंटी एक्सटॉर्शन सेल) देख रहा है और 3 मामला क्राइम ब्रांच यूनिट-7 के पास है। सन 2004 में उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गया और साल 2005 में नेपाल के रास्ते चीन भाग गया। वहां उसने नागरिकता पाने के लिए एक चीनी महिला से शादी रचा ली। साल 2012 में ही पुजारी का वीजा समाप्त हो गया था, लेकिन वह चाइना में बैठकर धमकी और धन उगाही के लिए फोन करता रहा। फरवरी 2023 में पुजारी चीन में गिरफ्तार हुआ था, तभी से मुंबई क्राइम ब्रांच उसके प्रत्यर्पण के लिए कोशिश कर रही थी। पुजारी से पूछताछ में अपराध के कई राज खुल सकते हैं।

पूर्व विधायक पर भी करा चुका है जानलेवा हमला : प्रसाद पुजारी पहले विक्रोली के गैंगस्टर कुमार पिल्लई के लिए काम करता था। वह पिल्लई और फिर छोटा राजन के नाम पर लोगों को डराता धमकाता था। लेकिन बाद में उसने अपना गिरोह बना लिया। विक्रोली के पूर्व विधायक मंगेश सांगले को भी जान से मारने के लिए अपने लोगों को भेजा था। जिसमें वह बाल-बाल बच गए। साल 2009 में घाटकोपर के एक बार में फायरिंग कराने का भी आरोप है। इसके अलावा साल 2019 में शिवसेना शाखा प्रमुख पर फायरिंग करवाने का आरोप है। बिल्डर से धन उगाही प्रकरण में क्राइम ब्रांच ने प्रसाद पुजारी की मां इंदिरा को गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच ने प्रसाद के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून-1999 (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है। साल 2012 में उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कार्नर नोटिस जारी किया था और फरवरी 2023 में चीन में फर्जी पासपोर्ट के मामले में गिरफ्तार हुआ।

दांव पड़ा उलटा : मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि पुजारी भारत और चीन के बीच के खराब संबंधों का फायदा अपने अपराध में लेने के लिए चीन भागा था। चीन से उसका प्रत्यर्पण न हो इसके लिए उसने वहां की महिला से शादी कर ली थी। लेकिन पुजारी का दोनों दांव उलटा पड़ गया। मुंबई पुलिस ने विदेश मंत्रालय और इंटरपोल से मदद ली और पुजारी का प्रत्यर्पण करवाकर अपनी गिरफ्त में ले लिया।

Created On :   23 March 2024 2:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story