- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज के...
सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज के लिए शासनादेश जारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी अस्पतालों में इलाज सहित स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों के लिए मुफ्त उपलब्ध कराने का फैसला पिछले दिनों राज्य सरकार ने लिया है। इस फैसले के क्रियान्वयन के लिए शासनादेश जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा बुधवार को जारी एक सरकारी प्रस्ताव (जीआर) में बताया गया कि रक्त आपूर्ति को छोड़कर सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत मुहैया कराई जाने वाली चिकित्सा जांच, उपचार और अन्य सभी सेवाएं 15 अगस्त से मरीजों के लिए मुफ्त उपलब्ध हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, महाराष्ट्र के सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का निर्णय राज्य मंत्रिमंडल की तीन अगस्त को हुई बैठक में लिया गया था। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा संचालित 2,418 अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों पर मुफ्त सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
Created On :   24 Aug 2023 7:23 PM IST