रणनीति: आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव नाना पटोले के नेतृत्व में लड़ा जाएगा- देवड़ा पर साधा निशाना

  • सभी दल अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों में जुटे
  • महाविकास आघाडी लोकसभा चुनाव में महायुति को टक्कर देगी
  • लोकसभा और विधानसभा चुनाव नाना पटोले के नेतृत्व में लड़ा जाएगा

डिजिटल डेस्क, मुंबई, सोमदत्त शर्मा। कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने उस दिन पार्टी छोड़ी, जब राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा हिंसाग्रस्त मणिपुर से शुरू हुई। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। जब्कि महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने इसे भारत जोड़ो न्याय यात्रा से ध्यान भटकाने वाली बीजेपी की साजिश बताया, साथ ही दो बार का हारा उम्मीदवार कहकर तंज कसा। इससे साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राज्य के सभी दल अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। राज्य में महाविकास आघाडी लोकसभा चुनाव में महायुति को टक्कर देने के लिए जोरदार तैयारी कर रही है। इसी को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। गुरूवार को मुंबई में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला की मौजूदगी में हुई बैठक में वरिष्ठ नेताओं को आदेश दिया कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। ऐसे में पटोले की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ नेता ने "दैनिक भास्कर" को बताया कि महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने बैठक में पहले आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की और उसके बाद ऐलान किया है कि कांग्रेस आलाकमान ने आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव नाना पटोले के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। इसके साथ ही चेन्निथला ने बैठक में कांग्रेस के सभी नेताओं को राज्य के सभी 6 मंडलों में चुनावी समीक्षा बैठकों के आयोजन को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अपने-अपने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए जुट जाने को भी कहा। पटोले पर पहले ही प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी है, ऐसे में लोकसभा और विधानसभा चुनाव की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने से उन पर अतिरिक्त भार आ गया है।

देखा जाए तो कांग्रेस के लिए मिशन 2024 इतना आसान भी नहीं। रविवार को कांग्रेस के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना (शिंदे) का दामन थाम लिया। शिवसेना में शामिल होने से पहले देवड़ा पहले सिद्धिविनायक मंदिर गए और उन्होंने गणपति के दर्शन किए। मिलिंद ने मुख्यमंत्री आवास पर एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेस के नेताओं के साथ शिंदे गुट में प्रवेश किया जिसमें राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीबेन शाह के अलावा एक दर्जन से ज्यादा पूर्व नगरसेवक हैं।

देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने के पीछे की वजह आगामी लोकसभा चुनाव में ठाकरे गुट द्वारा दक्षिण मुंबई की लोकसभा सीट कांग्रेस के लिए नहीं छोड़ना बताया जा रहा है। देवड़ा पिछले दो लोकसभा चुनाव दक्षिण मुंबई सीट से उद्धव के सांसद अरविंद सावंत से हार चुके हैं। उधर ग्राम विकास मंत्री एवं भाजपा नेता गिरीश महाजन ने दावा किया है कि अगले 15 दिनों में राज्य में एक और बड़ा राजनीतिक भूचाल आने वाला है।

Created On :   15 Jan 2024 1:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story