चुनाव: अब तक दांव पर 100 करोड़, सट्टा बाजार गर्म, गडकरी पहली पसंद, पल-पल बदलेंगे भाव

अब तक दांव पर 100 करोड़, सट्टा बाजार गर्म, गडकरी पहली पसंद, पल-पल बदलेंगे भाव
  • विदर्भ की पांच सीटों पर मतदान हुआ
  • अब लोगों की उत्सुकता रूझान जानने में लगी
  • लोकसभा में मतदान प्रतिशत पिछली बार की तरह लगभग 54 प्रतिशत

डिजिटल डेस्क, नागपुर. नागपुर-रामटेक सहित विदर्भ की पांच सीटों पर मतदान के बाद अब लोगों की उत्सुकता रूझान जानने में लगी है। सब अपने-अपने तर्क और समीकरण लगाने में व्यस्त हैं। शनिवार को शहर में यही चर्चा का विषय रहा। विदर्भ की इन सीटों में सबसे ज्यादा नागपुर चर्चा के केंद्र में है। नागपुर लोकसभा में मतदान प्रतिशत पिछली बार की तरह लगभग 54 प्रतिशत रहा।

स्थिर मतदान प्रतिशत किसके पक्ष में जाएगा, इसे लेकर कोई सटीक आकलन नहीं कर पा रहा है। अनेक दावे से बच रहे हैं, लेकिन पार्टियां अपने-अपने दावे करने में लगी है। इन उलझे हुए समीकरणों के बीच सट्टा बाजार अपनी चाल चल रहा है। सट्टा बाजार भी लोकप्रिय नाम से खुला। बाजार की पहली पसंद नागपुर में भाजपा उम्मीदवार नितीन गडकरी बने हैं। सबसे कम भाव नितीन गडकरी पर लगा है। गडकरी का भाव 30 पैसे चल रहा है, जबकि विकास ठाकरे का 1 रुपए। मतदान के बाद यह शुरूआती रुझान है।

फिलहाल यह शुरूआती भाव

अब तक करीब 100 करोड़ रुपए का सट्टा जीत-हार पर लग गया है। इसके अलावा चुनाव में जीत और हार के अंतर यानी लीड पर भी अलग-अलग भाव सामने आ रहे हैं। फिलहाल यह शुरूआती भाव है। सट्टा बाजार में इतवारीलाल के नाम से मशहूर सूत्र ने बताया कि एक्जिट पोल आने के बाद भाव में और बदलाव होंगे। 4 जून को नतीजे आने हैं। इस डेढ़ महीने के बीच भाव कम-ज्यादा होते रहेंगे। फिलहाल बुकियों ने अभी तक अपने भाव उजागर नहीं किए हैं। यह भाव आपसी लगवाड़ी करने वालों के है।

फिलहाल नागपुर लोकसभा को लेकर भाव सामने आ रहे हैं, वहीं रामटेक लोकसभा पर अभी भाव खुला नहीं है। यही स्थिति चंद्रपुर, गडचिरोली-चिमूर और गोंदिया-भंडारा लोकसभा की है। इन सीटों पर भाव तय नहीं है, लेकिन जो लोकप्रिय चेहरा और जिसका प्रभाव है, वह सट्टा बाजार की पहली पसंद होने का दावा किया गया है। विदर्भ में दूसरे चरण के मतदान के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की जानकारी इतवारीलाल ने दी है।



Created On :   21 April 2024 11:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story