रोष: मनपा परिसर में आत्महत्या का प्रयास

मनपा परिसर में आत्महत्या का प्रयास
  • अतिक्रमण कार्रवाई से परेशान होकर महिला ने पी लिया पेट्रोल
  • मेयो अस्पताल में किया भर्ती

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के नंदनवन परिसर में केडीके कालेज के समीप पकौड़े का ठेला चलाने वाली महिला अर्चना राजपूत ने दिनदहाड़े मनपा की नई इमारत परिसर में पेट्रोल पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि नेहरू नगर जोन में लगातार अतिक्रमण कार्रवाई से प्रताड़ित होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया। महिला को मनपा कर्मचारियों ने एम्बुलेंस बुलाकर मेयो अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला की स्थिति खतरे से बाहर है।

पकौड़े का ठेला लगाती है : जानकारी के अनुसार, कुछ साल पहले पति से अलग होने के बाद दो बच्चियों के साथ जीवन निर्वाह के लिए अर्चना ने नंदनवन परिसर में दर्शन कालोनी के पास पकौड़े का ठेला शुरू किया। फुटपाथ के समीप होने पर नेहरू नगर जोन कार्यालय से अक्सर अतिक्रमण निर्मूलन की कार्रवाई होती रही है। मंगलवार, 10 अक्टूबर को भी दोपहर में अतिक्रमण निर्मूलन दस्ते ने महिला के ठेले की 2 कुर्सियां, 10 स्टूल समेत अन्य सामग्री जब्त कर ली। बुधवार को महिला ने अतिक्रमण विभाग के अधीक्षक संजय कांबले से मुलाकात की। कांबले के निर्देश पर नेहरू नगर जोन के कर्मचारियों ने सुपुर्दनामा पर हस्ताक्षर लेकर महिला को सामग्री सौंप दी।

4 साल की बच्ची के साथ पहुंची परिसर में : गुरुवार को सुबह फिर अर्चना अपनी 4 साल की बच्ची के साथ मनपा मुख्यालय में पहुंची और संजय कांबले को गैस सिलंेडर गायब होने का हवाला दिया। महिला की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कांबले ने जल्द खुद सिलेंडर दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद अर्चना ने मनपा परिसर में साथ में लाई बोतल में भरा पेट्रोल को खुद पर छिड़ककर गटक लिया। मनपा कर्मचारियों ने किसी तरह अर्चना से बोतल छीनकर एम्बुलेंस को बुलाया। महिला को मेयो अस्पताल में भर्ती कराया। कर्मचारियों ने महिला की बच्ची से पूछताछ कर परिजनों से संपर्क किया।

जानकारी देकर लिखित बयान दर्ज कराया : इस घटना से मनपा परिसर में खलबली मच गई। उपायुक्त निर्भय जैन ने तत्काल अधीक्षक संजय कांबले को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी लेकर लिखित बयान दर्ज किया। पश्चात अस्पताल में महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इससे पूर्व की वारदातों का भी सिलसिलेवार ब्योरा उपायुक्त जैन ने लिया है।

छह माह पहले भी जब्त की थी सामग्री : अतिक्रमण विभाग के मुताबिक नियमित तौर पर अतिक्रमण निर्मूलन की कार्रवाई में 6 माह पहले भी अर्चना राजपूत की सामग्री जब्त की गई थी। इस दौरान गैस सिलेंडर भी जब्त किया गया था। प्रशासन के अधिकारियों ने सुपुर्दनामे पर सिलेंडर समेत सामग्री लौटा दी थी, लेकिन इस मर्तबा सिलेंडर जब्त नहीं किया गया।

अतिक्रमण विभाग की कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न : शहर में अतिक्रमण विभाग पर कार्रवाई को लेकर पहले भी कई मर्तबा आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं, हाकर्स संगठनों ने कई दफा मोर्चा भी निकाला है। अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान बुरा व्यवहार, जबरन जब्ती और सामग्री को लौटाने में अनियमितता की शिकायतें आती रही हैं। इस दफा महिला का सिलेंडर जब्त नहीं होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन महिला की गुहार पर सिलेंडर खरीद कर देने का हवाला देने को लेकर भी संदेह बना हुआ है।

उपायुक्त निर्भय जैन ने की पूछताछ : मंगलवार को जब्त सामग्री में सिलेंडर नहीं होने के बावजूद महिला की आर्थिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए सिलेंडर खरीद कर देने का आश्वासन दिया था। महिला ने खुद को संभालते हुए वापस लौटने का भरोसा भी दिया था, लेकिन बाद में अचानक पेट्रोल पी लेने का प्रयास किया। अतिक्रमण विभाग की ओर से कोई जबरन कार्रवाई नहीं की गई है। -संजय कांबले, अधीक्षक, अतिक्रमण विभाग, मनपा

Created On :   13 Oct 2023 6:27 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story