सुविधा: नागपुर में जल्द शुरू होगा बोन मैरो सेंटर

नागपुर में जल्द शुरू होगा बोन मैरो सेंटर
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर विभाग में सिकलसेल व थैलेसीमिया मरीजों की संख्या अधिक है। उनके उपचार के लिए जल्द ही यहां बोन मैरो सेंटर शुरू किया जाएगा। इस दिशा में बातचीत शुरू है। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने अमृत महोत्सव कार्यक्रम में दी। कार्यक्रम के उद्घाटन में प्रमुख अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उपस्थित थीं। प्रदेश के राज्यपाल रमेश बैस, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग नागपुर में उपचार के लिए आते हैं, इसलिए नागपुर मध्य भारत का मेडिकल हब बन गया है। उन्होंने अपने जीवन का एक प्रसंग बताया कि उनके जन्म के बाद तबीयत खराब हो गई थी, तब उन्हें मेडिकल में भर्ती किया गया था। मेडिकल के डॉक्टरों ने उन्हें नया जीवन दिया है। मेडिकल के उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।

सालभर में बदलेगा मेडिकल का चेहरा : उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मेडिकल के विकास के लिए राज्य सरकार ने 550 करोड़ रुपए दिए हैं। इस राशि से मेडिकल का चेहरा बदलने वाला है। कुछ योजनाओं के काम शुरू हो चुके हैं। गरीबों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवा अत्यल्प दरों पर उपलब्ध हो, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में मेडिकल को अत्याधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करने का संकल्प है। सालभर में मेडिकल का नया चेहरा देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल के साथ उनका खास नाता है, क्योंकि उनका जन्म मेडिकल में ही हुआ है।

गुणवत्तापूर्ण सेवा की दिशा में प्रयास जारी है : स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने का लक्ष्य है। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने के लिए अत्याधुनिक मशीनें व मनुष्यबल बढ़ाने की दिशा में प्रयास जारी है। डॉक्टरों व नर्सों की संख्या बढ़ाने के लिए विविध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। ऐसा चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा। उन्होंने बताया कि 157 अतिरिक्त नर्सिंग कॉलेजों को मंजूरी दी गई है। इससे नर्सिंग स्टॉफ की कमी दूर होगी। सरकारी अस्पतालों को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए प्रयास जारी है।

कार्यक्रम में यह हुए सम्मानित : कार्यक्रम के दौरान मेडिकल के प्रथम बैच के विद्यार्थी 95 वर्षीय डॉ. बी. जे. सुभेदार, मेडिकल के लिए जमीन देने वाले लेफ्टिनेंट जनरल के. वी. कुकडे के पोते कर्नल दिनकर कुकडे, मेडिकल को 55 लाख रुपए दान देने वाली पूर्व विद्यार्थी डॉ. शकुंतला गोखले के परिजन रवि लिमये और डॉ. प्रमोद गिरि को राज्यपाल रमेश बैस के हाथों सम्मानित किया गया।

Created On :   2 Dec 2023 8:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story