स्तर सुधारेगा: मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल अभियान में नागपुर में जल्द होगा सर्वेक्षण

मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल अभियान में नागपुर में जल्द होगा सर्वेक्षण
  • 124 में से 111 स्कूलों ने पंजीयन कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई
  • 45 दिनों के अभियान में स्कूलों की सुविधाओं का मूल्यांकन
  • पुरस्कार राशि से स्कूलों के विकास में सहयोग होने की उम्मीद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य सरकार ने स्कूलों में बुनियादी सुविधा और शिक्षादान की प्रक्रिया में गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए 1 जनवरी से मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल अभियान को आरंभ किया है। 45 दिनों के अभियान में स्कूलों की सुविधाओं का मूल्यांकन कर लाखों के पुरस्कार को स्कूल विकास के लिए दिया जाना है। शहर में मनपा के 124 स्कूलों में से 111 स्कूलों ने आॅनलाइन पंजीयन कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई है।

शहरी क्षेत्र में मनपा के अलावा जिप की केवल दो स्कूल मौजूद हैं, इनमें काटोल रोड कन्या शाला और पटवर्धन हाइस्कूल का समावेश है, लेकिन छात्रसंख्या कम होने से दोनों स्कूलों की सहभागिता पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है। ऐसे में अभियान में मनपा स्कूलों को पुरस्कार पाने की उम्मीद बंध गई है। हालांकि अभियान में अब भी मनपा के 13 स्कूलों ने पंजीयन कराने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। बावजदू इसके मनपा के अधिकारियों को उम्मीद है कि 6 स्मार्ट सिटी से विकसित स्कूलों के साथ संजयनगर स्कूल को पुरस्कार के लिए प्रबल दावेदार माना जा सकता है। शहर में स्मार्ट सिटी के सहयोग से विकसित 6 स्कूलों के अलावा गांधीबाग और संजयनगर स्कूल को बेहतर स्थान मिलने की उम्मीद की जा रही है।

राज्य सरकार ने 30 नवंबर 2023 को राज्य भर में मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल अभियान क्रियान्वयन की घोषणा की है। साल 2020-21 से राज्य में डॉ बाबासाहब आंबेडकर आदर्श स्कूल में योजना आरंभ की गई है। इस योजना के हिस्से के रूप में 1 जनवरी से 15 फरवरी तक मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल अभियान को संचालित करना है। इस योजना के दो समूहों में स्थानीय स्वराज्य एवं जिप के स्कूलों और दूसरे समूह में जिप के मान्यता वाले निजी स्कूलों का भी समावेश है। विभाग स्तर पर प्रथम पुरस्कार में 21 लाख, द्वितीय पुरस्कार में 11 लाख रुपए और तृतीय पुरस्कार के रूप में 7 लाख रुपए की राशि का समावेश है। इनामी राशि से मुख्याध्यापकों को स्कूल में बुनियादी सुविधा और विकास कामों को करने की अनुमति दी गई है। शहर में मनपा की करीब 15 से अधिक स्कूलों में बेहतर सुविधा और सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा चुका है। ऐसे में पुरस्कार राशि से स्कूलों के विकास में सहयोग होने की उम्मीद अधिकारी जता रहे हैं।

100 अंकों का होगा मूल्यांकन : पूरे अभियान में 100 अंकों का मूल्यांकन प्रक्रिया का निर्धारण किया गया है। करीब 60 अंकों में विद्यार्थी गुणवत्ता सुविधा, भौतिक सुविधा, प्रयोगशाला सुविधा और खेलों के मैदान को लेकर भी मूल्यांकन किया जाएगा, जबकि 40 अंकों के लिए कक्षा सजावट फोटो, पौधारोपण एवं संगोपन, इमारत रंग-रोगन फोटो, प्रधानमंत्री पोषणशक्ति योजना क्रियान्वयन, परसबाग अभियान, मेरी माटी मेरा देश अभियान को लेकर मूल्यांकन होगा। मूल्यांकन के लिए शिक्षा विभाग के उपसंचालक की अध्यक्षता में निरीक्षण समिति का गठन किया गया है। समिति में सचिव के रूप में जिप के शिक्षणाधिकारी (माध्यमिक) के साथ ही मनपा की शिक्षणाधिकारी भी शामिल हैं। इसके साथ ही आधुनिक आर्थिक साक्षरता, कौशल्य विकास, बैंकों के आनलाइन व्यवहार, तंबाकूमुक्त परिसर, एनसीसी, स्काऊट गाइड में प्रतिनिधित्व पर भी मूल्यांकन होगा।

पुरस्कार मिलने की संभावना : शहर में मनपा संचालित 111 स्कूलों ने मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल अभियान में पंजीयन किया है। करीब 15 स्कूलों के बेहतर प्रदर्शन और व्यवस्था को देखते हुए पुरस्कार मिलने की संभावना है। स्कूलों की आधारभूत सुविधा समेत अन्य व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। जल्द ही जिला स्तर समिति की ओर से स्कूलों का सर्वेक्षण होगा। - साधना सयाम, शिक्षणाधिकारी, मनपा

Created On :   7 Feb 2024 9:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story