लोकसभा का रण: कांग्रेस विधायक पारवे शिवसेना शिंदे गुट में शामिल, बोले - मोदी-गडकरी से प्रभावित हूं

कांग्रेस विधायक पारवे शिवसेना शिंदे गुट में शामिल, बोले - मोदी-गडकरी से प्रभावित हूं
रामटेक से महायुति के उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उमरेड के कांग्रेस विधाायक राजू पारवे रामटेक लोकसभा क्षेत्र से महायुति अर्थात भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। वे शिवसेना शिंदे गुट की ओर से धनुषबाण चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे। रविवार की शाम को पारवे की रामटेक से उम्मीदवार बनने की रणनीति लगभग सफल हो गई है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को लिखित इस्तीफा पत्र देने के बाद शिवसेना शिंदे गुट में प्रवेश लिया। प्रवेश के समय मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, रामटेक के निवर्तमान सांसद कृपाल तुमाने, विधायक आशीष जैस्वाल, शिवसेना शिंदे गुट के विदर्भ संपर्क प्रमुख किरण पांडव उपस्थित थे। पारवे ने कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विकास कार्यों से प्रभावित हैं। अब भाजपा गठबंधन के लिए काम करेंगे।

चर्चा में रहे

विधायक पारवे कुछ समय से रामटेक लोकसभा की उम्मीदवारी पाने के प्रयास के चलते राजनीतिक चर्चा में थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से नागपुर में दो बार मुलाकात की थी। कहा जा रहा था कि पारवे को भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ाने की तैयारी चल रही है। लेकिन रामटेक क्षेत्र से शिवसेना शिंदे गुट का चुनाव लड़ने का दावा कायम रहा। मुख्यमंत्री शिंदे से भाजपा की ओर से निवेदन भी किया गया कि रामटेक को भाजपा के लिए छोड़ दें। लेकिन आखिरी तक बात नहीं बनी। शिवसेना शिंदे गुट ने अमरावती सीट भाजपा के लिए छोड़ी। इस बीच पारवे को शिवसेना शिंदे गुट में प्रवेश दिलाकर चुनाव लड़ाने की रणनीति पर कुछ भाजपा नेताओं ने काम किया। पारवे को मुंबई भिजवाकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से बात करायी गई। वही बात आगे बढ़ी।

तुमाने करते रहे प्रयास

क्षेत्र से दो बार चुनाव जीते सांसद कृपाल तुमाने उम्मीदवारी पाने के लिए प्रयास करते रहे। वे मुंबई में डंटे रहे। तुमाने के समर्थकों ने यह कहते हुए इस्तीफे की पेशकश भी की थी कि तुमाने को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर सभी कार्यकर्ता इस्तीफा दे देंगे। लेकिन भाजपा की ओर से दावा किया जाता रहा कि रामटेक में उम्मीदवार बदलना ही होगा। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने तुमाने व पारवे का विरोध किया था। उधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी दो दिन पहले तक कहते रहे कि रामटेक पर भाजपा का दावा है। लेकिन उन्होंने बाद में वक्तव्य बदल दिए। कहने लगे कि शिवसेना शिंदे गुट से ही उम्मीदवार होगा।

रोचक होगा मुकाबला

रामटेक क्षेत्र में इस बार मुकाबला रोचक हो सकता है। महाविकास आघाडी की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार रश्मि बर्वे रहेगी। महायुति में शिवसेना शिंदे गुट के राजू पारवे रहेंगे। दोनों की लोकसभा क्षेत्र स्तर पर पहचान नेता के बजाय राजनीतिक कार्यकर्ता की है। उन्हें जिताने के लिए उनके संरक्षण नेताओं को अधिक ताकत लगानी पड़ेगी। कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में पूर्व मंत्री सुनील केदार की टीम पूरी ताकत लगाएगी। राजू पारवे भले ही शिवसेना शिंदे गुट के उम्मीदवार रहेंगे लेकिन भाजपा की टीम उनके लिए काम करेगी। विशेषकर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पसंद के उम्मीदवार के तोर पर प्रचार किया जाएगा। रामटेक क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। चुनाव में हिंदू व बौद्धिस्ट दलित का प्रतिनिधित्व मायने रखता है। इस बार दोनों प्रमुख उम्मीदवार हिंदू दलित वर्ग से हैं।

Created On :   24 March 2024 3:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story