Nagpur News: दामाद ने सास का गला रेता, हिरासत में सिविल लाइंस में सनसनीखेज वारदात

दामाद ने सास का गला रेता, हिरासत में सिविल लाइंस में सनसनीखेज वारदात
  • आरोपियों में बेटी भी शामिल
  • दो घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News. शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में बुधवार को दिनदहाड़े एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह फुटपाथ के पास खून से लथपथ पड़ी थी। मृतक महिला की पहचान माया मदन पासेरकर (48) सिविल लाइंस निवासी के रूप में हुई है। उसके छोटे बेटे ने घटनास्थल पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की। घटना बुधवार को दोपहर करीब 2 बजे सीताबर्डी थानांतर्गत विधायक निवास के पीछे वाले इलाके में लॉ कॉलेज चौक के पास जवाहर वस्तीगृह, इंदिरा कॉन्वेंट के समीप हुई। सीताबर्डी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच की यूनिट 2 के दस्ते ने मृतक महिला के आरोपी दामाद मुस्तफा खान मोहम्मद खान (22) और उसकी पत्नी गीता (32) निवासी आईसी चौक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में उपयोग किया गया चाकू भी जब्त कर लिया गया है, आरोपी मुस्तफा ने चाकू कहीं से खरीदकर लाया था।

तीसरी पत्नी थी माया

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, माया पासेरकर मदन जियालाल पासेरकर (60) की तीसरी पत्नी थी। मदन की पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। दूसरी का निधन हो गया। मदन की दूसरी पत्नी से दो बेटे और एक बेटी है। बेटी का नाम गीता है। गीता की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और आरोपी मुस्तफा उसका तीसरा पति है। गीता से पति मुस्तफा करीब 10 साल छोटा है।

बंगलाें में काम करती थी

गीता की मां के नाम पर सिविल लाइंस में 800 वर्गफीट का घर है। इसमें चार लोग रहते थे। माया, उसका पति और उसकी दूसरी पत्नी के दो बेटे। माया बहुत ही सरल स्वभाव की थी। वह सिविल लाइंस के आस-पास के बंगलाें में काम करती थी। हमेशा की तरह, वह बुधवार सुबह बर्तन धोने गई थी। दोपहर करीब 1.40 से 1.50 बजे के बीच वह घर जा रही थी। उस दौरान मुस्तफा (दामाद) उसका पीछा कर रहा था। माया घर के पास आ चुकी थी। तभी मुस्तफा ने जवाहर वस्तीगृह, इंदिरा कॉन्वेट के समीप फुटपाथ पर उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। खून बहते ही वह गिर पड़ी। मुस्तफा ने माया को फिर से चाकू मारा और भाग गया। वह लहूलुहान फुटपाथ के पास पड़ी रही। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी।

दो घंटे में आरोपी गिरफ्तार

फुटपाथ पर खून से लथपथ पड़ी महिला को देखते ही भीड़ लग गई। सीताबर्डी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विट्ठल राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम भी पहुंचकर सबूत इकट्ठा करने लगी। इस बीच, सीताबर्डी पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पता चला कि एक युवक उनका पीछा कर रहा था। पुलिस ने एक घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर ली और अगले दो घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दामाद के साथ माया की बेटी को भी हिरासत में लिया गया है।

आरोपी ने कहा- गुस्से में था

जांच के दौरान पता चला कि माया ने गीता की शादी का विरोध किया था। माया ने दामाद से 5 लाख रुपए लिए थे और वापस नहीं किए थे। आरोपी मुस्तफा खान ने पुलिस को बताया कि वह गुस्से में था और उसने माया की हत्या कर दी। हालांकि, यह कारण पुख्ता नहीं है। गीता की शादी दो साल पहले हुई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बेटी गीता भी हत्या के मामले में शामिल थी। सीताबर्डी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें अब हर एंगल से जांच कर रही हैं। पारिवारिक विवाद, संपत्ति का मामला, या फिर कोई पुरानी दुश्मनी, हत्या के पीछे के मकसद की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Created On :   24 July 2025 2:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story