- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विदेशों में नागपुरी संतरे की मांग,...
खुशखबर: विदेशों में नागपुरी संतरे की मांग, 25 फीसदी बढ़ा निर्यात

- 75,000 टन दिसंबर में भेजे जाएंगे
- 15,000 टन स्पेन को भेजा जाएगा
- 18,000 टन कतर को निर्यात होगा
डिजिटल डेस्क, नागपुर. धीरे-धीरे विदेशों में नागपुर के संतरे की मांग बढ़ती जा रही है। हर साल यहां से संतरे का निर्यात 20 से 25 प्रतिशत बढ़ रहा है। यहां का संतरा विदेशों में जाने के कारण किसानों को भी अच्छा भाव मिल रहा है। यहीं नहीं उन्हें अपना माल मंडी में भी नहीं लाना पड़ता है। निर्यातक उनके खेतों से ही माल उठा रहे हैं। इससे किसानों को मिलनेवाला प्रॉफिट भी कई गुना बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि दिसंबर माह में नागपुर से 75000 टन संतरे का निर्यात किया जाएगा। इस माह 1000 टन संतरा हैदराबाद भेजा गया। यह संतरा किसानों से 150 रुपए प्रति बॉक्स खरीदा गया और हैदराबाद में 250 रुपए के हिसाब से बेचा गया। इसी संतरे को विदेश भेजने पर भाव दोगुना से ज्यादा मिलता है। नागपुर से कतर भेजे गए संतरे को 750 रुपए प्रति बॉक्स का भाव मिला, जबकि स्पेन में इसे 1200 रुपए का भाव मिलेगा। 14 दिसंबर को संतरे की पहली खेप स्पेन भेजी जाएगी।
विदेशों में फलों को निर्यात करनेवाले शहर में 15 से अधिक निर्यातक हैं। फलों के निर्यातक एडविन जोसेफ ने बताया कि धीरे-धीरे विदेशी धरती पर नागपुरी फलों की मांग बढ़ रही है। यहां से आम, सीताफल, संतरा आदि फलों का निर्यात किया जाता है। इस साल कतर को 18000 टन संतरा निर्यात किया जाएगा, जिसे 600 से 750 रुपए भाव मिला है। उसी प्रकार स्पेन को 15000 टन संतरा भेजा जाएगा, जिसके लिए 1200 रुपए प्रति बॉक्स भाव तय किया गया है। वहीं पिछले साल स्पेन को लगभग 10 हजार टन और कतर को 15000 टन संतरा भेजा गया था। साल दर साल निर्यातकों को मिलनेवाले आर्डर में इजाफा हो रहा है।
2026 तक के लिए हुई डील
एडविन ने बताया कि स्पेन से ऑरेंजेस सप्लाई करने के लिए 2026 तक के लिए डील हुई है, जबकि कतर से 2025 तक के लिए डील हुई है। ऑरेंज की क्वालिटी जांचने के लिए स्पेन और कतर के व्यापारी यहां आए थे। ऑरेंज को चखने के बाद उन्होंने इस डील को अंतिम रूप दिया।
Created On :   26 Nov 2023 2:50 PM IST














