विकास: एफडीआई में महाराष्ट्र फिर आगे, 6 हजार करोड़ के निवेश के साथ रोजगार के पैदा होंगे नए अवसर

एफडीआई में महाराष्ट्र फिर आगे, 6 हजार करोड़ के निवेश के साथ रोजगार के पैदा होंगे नए अवसर
  • 88 एकड़ में साकार होगी डिस्टलरी परियोजना
  • सरकार और पेर्नोड रिकॉर्ड के बीच हुए समझौते पर हस्ताक्षर
  • विदर्भ व मराठवाड़ा के लिए बिजली सब्सिडी नीति दो सप्ताह में

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि हमने कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचे पर जोर दिया है, ताकि महाराष्ट्र उद्योग के मामले में सबसे आगे रहे। इस विजन के बल पर महाराष्ट्र राज्य को भारत में अग्रणी पंक्ति में लाया गया। 45 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश महाराष्ट्र में किया गया है। फडणवीस महाराष्ट्र सरकार और पेर्नोड रिकॉर्ड के बीच हुए समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद बोल रहे थे। इस अवसर पर राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डाॅ. हर्षदीप कांबले, पेर्नोड रिकॉर्ड इंडिया के सीईओ जीन टुबुल, राज्य उत्पाद शुल्क आयुक्त विजय सूर्यवंशी, जिलाधीश डॉ. विपिन इटनकर, प्रसन्न मोहिले उपस्थित थे।

राज्य के विकास के लिए सात क्षेत्रों का चयन : उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार किसानों के हित की दृष्टिकोण से राज्य में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देकर आगे बढ़ रही है। कृषि क्षेत्र के साथ-साथ किसानों की आर्थिक आय बढ़ाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग महत्वपूर्ण है और बुटीबोरी में 88 एकड़ क्षेत्र में खड़ी की जा रही पेर्नोड रिकॉर्ड इंडिया डिस्टिलरी परियोजना महत्वपूर्ण है। यह परियोजना लगभग 6 हजार करोड़ रुपए के निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। राज्य के विकास के लिए सात क्षेत्रों का चयन किया गया है। कृषि, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर जोर दिया है। नागपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए गूगल के साथ काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई और पुणे के बाद विदर्भ व मराठवाड़ा में उद्योग और कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अगले दो सप्ताह में बिजली सब्सिडी नीति जाहिर की जाएगी। कार्यक्रम का प्रास्ताविक उद्योग विभाग के प्रधान सचिव हर्षदीप कांबले ने किया।

राज्य के उद्यमियों ने समृद्ध किया : सामंत : उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि महाराष्ट्र में अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न उद्योग समूहों के साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किया गया योगदान अहम है। दाहोस में आयोजित सम्मेलन में उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन पर जोर देने से हमें बड़ी संख्या में उद्यमियों का विश्वास हासिल करने में मदद मिली। उद्योग विभाग की प्रगति पुस्तिका को राज्य के उद्यमियों ने समृद्ध किया है और उनके द्वारा हम पर दिखाया गया विश्वास ही हमें तेजी से काम करने के लिए प्रेरित करता है। हम यहां के किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। पेर्नोड रिकॉर्ड इंडिया के सीईओ जीन टुबुल ने कहा कि हम सतत विकास के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बनाए रखते हुए किसानों के हित में काम कर रहे हैं।

Created On :   24 Feb 2024 8:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story