नागपुर: छत्रपति संभाजीनगर से भरी थी उड़ान, हेलिकॉप्टर की खेत में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

छत्रपति संभाजीनगर से भरी थी उड़ान, हेलिकॉप्टर की खेत में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
  • तकनीकी गड़बड़ी के चलते पायलट ने उठाया कदम
  • एक घंटे के बाद नागपुर पहुंचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। छत्रपति संभाजीनगर से नागपुर आ रहे एक निजी हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही भोकरदन तालुका के राजुरा के पास तपोवन तांडा और चनेगांव शिवारा के बीच एक खेत के पास इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलिकॉप्टर को तकनीकी गड़बड़ी के चलते उतारना पड़ा। ग्रामीण भाग में खेत के पास हेलिकॉप्टर के उतरने से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई थी।

एक घंटे के बाद नागपुर पहुंचा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर मुंबई स्थित मल्होत्रा हेलिकॉप्टर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का है। इसने कुछ समय पहले छत्रपति संभाजी नगर से उड़ान भरी थी। नागपुर की ओर रवाना होते ही हेलिकॉप्टर के रडार पर पैरामीटर्स गलत दिखाए जाने से पायलट को तकनीकी खराबी का संदेह हुआ। स्थिति को देखते हुए पायलट ने हेलिकॉप्टर को उतारने का निर्णय लिया। पायलट और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

राजुरा पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक संजय अहिरे और स्टाफ ने घटना की जानकारी ली। पायलट ने हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने की जानकारी दी। वहीं पर हेलिकॉप्टर की मरम्मत की गई। एक घंटे के बाद हेलिकॉप्टर नागपुर पहुंचा। बता दें कि इन दिनों चुनाव प्रचार भी जोरों पर चल रहा है, जिसमें हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल हो रहा है। इस क्षेत्र में कोई चुनाव प्रचार नहीं शुरू है, ऐसे में हेलिकॉप्टर देखकर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही थी।

Created On :   30 April 2024 2:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story