क्राइम: करोड़ों की ठगी - लोकेशन मिलने पर जाल बिछाया, 2 आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

  • लालच देकर झांसे में लिया
  • आरोपियों की तलाश जारी
  • मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर. करोड़ों की ठगी में लिप्त दो आरोपियों को मुंबई से िगरफ्तार कर नागपुर लाया गया है। प्रकरण में लिप्त नागपुर के ठग मंदार कोलते सहित पांच आरोपी जेल में बंद हैं, जबकि दस आरोपियों की अभी भी पुलिस को तलाश है। आरोपियों ने निवेश के नाम पर कई लोगों को ठगा है। धंतोली थाने में दर्ज इस मामले की जांच-पड़ताल अपराध शाखा का आर्थिक विभाग कर रहा है। आरोपियों से अभी तक तीन आलीशान कारें जब्त कर बैंक खाते सीज किए हैं।

लालच देकर झांसे में लिया

आरोपी राजू बोईलाल मंडल (38) और दिनेश रामअजोर मिश्रा (42) दोनों कांदीवली मुंबई निवासी हैं। आरोपियों ने एक्सट्रीम नेटवर्क इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी की स्थापना की थी। मुख्यालय मुंबई बनाया था। यहां वर्धा रोड स्थित साई मंदिर के पास से आरोपी मंदार कोलते के ऑफिस से कंपनी की शाखा संचालित थी। इन्होंने नागपुर निवासी अंकुर कुमार अग्रवाल को कंपनी में निवेश करने पर तीन महीने में रकम 15 से 20 प्रतिशत या उससे ज्यादा मिलने का लालच दिया था। झांसे में आकर अंकुर ने 5 करोड़ 39 लाख 50 हजार रुपए निवेश कर दिया। जब कोई लाभ नहीं हुआ, तो अंकुर की तरह अन्य निवेशकों ने रकम वापस पाने के लिए हंगामा किया। इसके बाद आरोपियों ने कंपनी का ऑफिस बंद कर दिया। मामला थाने पहुंचा। करोड़ों की लेन-देन का मामला होने से धंतोली थाने में प्रकरण दर्ज कर इसकी जांच अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को सौंपी गई थी।

लोकेशन मिलने पर जाल बिछाया

जांच के दौरान पुलिस ने बारी-बारी से मंदार अनिरूद्ध कोलते नागपुर, सूरज विष्णुपाडा डे, मंगेश उर्फ दिनेश वामन पाटेकर (दोनों मुंबई), अल्पेश सुरेशभाई पटेल और मोहम्मद जावेद फारूख बोरा उर्फ भरत सुलेमान (दोनों गुजरात निवासी) को गिरफ्तार कर जेल में बंद किया। इस बीच राजू और दिनेश का लोकेशन मिलने तथा गुप्त जानकारी के आधार पर आर्थिक विभाग की टीम ने मुंबई जाकर जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नागपुर लाया। अदालत में पेश कर उन्हें 14 अप्रैल तक पीसीआर में लिया है। अभी तक आरोपियों से तीन कीमती कारें और बैंक खाते सीज किए गए है। कुल 99 लाख 18 हजार 998 रुपए का माल जब्त किया गया है।

इनकी तलाश जारी

करोड़ों की ठगी में लिप्त आरोपी मुकेश चव्हाण, मोहनिश बदानी (राहुल), अमन पांडे, भरत उर्फ सुलेमान, करण राजोरा, विक्रांत राजपूत, राकेश कुमार, दिनेश जोशी, राहुल गायकवाड और संदीप पाटील की तलाश जारी है। पुलिस कई जगहों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अभी तक वे हाथ नहीं लगे हैं।

Created On :   10 April 2024 2:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story