नागपुर: मांगें पूरी नहीं होने पर होमगार्ड सैनिक करेंगे चुनाव का बहिष्कार

मांगें पूरी नहीं होने पर होमगार्ड सैनिक करेंगे चुनाव का बहिष्कार
  • 365 दिन काम मिलने के लिए लंबे समय से करते आ रहे शासन से गुजारिश
  • मुंबई के आजाद मैदान पर अगस्त माह में किया था 10 दिनों तक अनशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य के 45 हजार से अधिक होमगार्ड सैनिकों ने मांगें पूरी नहीं होने पर इस बार चुनाव बंदोबस्त का बहिष्कार करने की तैयारी में हैं। उनकी मांग है कि शासन की ओर से 365 दिन काम दिया जाए। इस बारे में उन्होंने शहर के विधायक कृष्णा खाेपड़े और विकास कुंभारे को निवेदन देकर गुजारिश की, कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाएं ताकि आनेवाले चुनाव के बंदोबस्त को लेकर वे कोई ठोस निर्णय ले सकें। उल्लेखनीय है कि होमगार्ड सैनिकों ने गत अगस्त माह में महाराष्ट्र राज्य होमगार्ड महासंघ के नेतृत्व में मुंबई के आजाद मैदान पर विविध मांगों को लेकर 10 दिनों तक अनशन किया। इस दौरान उन्हें बस आश्वासन दिया गया था कि वह अनशन खत्म कर दें तो उनकी मांगें पूरी की जाएंगी। नागपुर जिला पथक के होमगार्ड सैनिकों का आरोप है कि आजाद मैदान पर अनशन के दौरान 31 अगस्त 2023 को जलगांव के विधायक मंगेश चव्हाण ने आंदोलन स्थल पर भेंट देकर आंदोलन की प्रमुख मांगों के संदर्भ में आंदोलन का नेतृत्व करनेवाले, आयोजक आैर अनशनकर्ताओं का ग्राम विकास मंत्री गिरीश महाजन से फोन पर बातचीत कराई। मंत्री महाजन ने होमगार्ड सैनिकों को आश्वासन दिया था कि उनकी मांगों को 10-15 दिन के अंदर उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संयुक्त मुलाकात कराकर पूरी कराई जाएंगी, जिसमें होमगार्ड सैनिकों को 365 दिन काम व अन्य 20 मांगों पर चर्चा का समावेश रहेगा।

सैनिकों में नाराजगी का वातावरण निर्माण : नागपुर जिला पथक के होमगार्ड सैनिकों का कहना है कि उन्होंने मंत्री के आश्वासन का सम्मान करते हुए उस दौरान आजाद मैदान पर किए जा रहे अनशन को समाप्त कर दिया था, लेकिन आज तक कोई बैठक या चर्चा उनके साथ नहीं की गई। इससे महाराष्ट्र के मानसेवी होमगार्ड सैनिकों में नाराजगी का वातावरण निर्माण हो गया है। राज्य के 45 हजार से अधिक होमगार्ड अब मांगें पूरी नहीं होने पर चुनाव बंदाेबस्त के बहिष्कार करने का मूड बनाने की तैयारी में हैं। इस बार महाराष्ट्र के होमगार्ड को मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में चुनाव के बंदोबस्त के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

होमगार्ड का 76 वर्ष का इतिहास : महाराष्ट्र होमगार्ड संगठन से जुडे कुछ होमगार्ड सैनिकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि संगठन के 76 वर्ष के इतिहास में होमगार्ड सैनिकों को मामूली मानधन पर कार्य करवाया जा रहा है। पिछले 15 वर्ष में राज्य में 50 लाख होमगार्ड सैनिक खुद पर हो रहे अन्याय के विरोध को समाप्त होने व नियमित 365 दिन का काम मिलने के लिए प्रयास में लगे हैं। इसके लिए होमगार्ड सैनिकों का संगठन समय- समय पर शासन के पास गुहार लगाते रहता है, लेकिन अभी तक उनकी कहीं पर सुनवाई नहीं हो रही है। होमगार्ड सैनिकों के करीब 50 हजार परिवार उनके लगभग 19 लाख मित्र परिवार के साथ वर्तमान समय में सत्ताधारी पक्ष व जनप्रतिनिधियों का सामाजिक बहिष्कार करते हुए सभी प्रकार के चुनाव मतदान का भी बहिष्कार करेंगे।

इसके समाधान के लिए होमगार्ड सैनिकों ने शहर के विधायक खोप ड़े और कुंभारे को निवेदन देकर उनकी मांगों को पूरा करने की सिफारिश की है।

Created On :   19 Oct 2023 11:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story