सुसाइड: प्रेम संबंध, प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो जाने से आहत युवक ने लगा ली फांसी

प्रेम संबंध,  प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो जाने से आहत युवक ने लगा ली फांसी
  • परिवार में है दादी और बहन
  • सुसाइड नोट लिख छोड़ा, गिरवी रखा था प्रेमिका का मोबाइल
  • मित्र से छुड़ाकर देने की बात लिखी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रेमिका की शादी तय होने से आहत प्रेमी ने फांसी लगा ली। उसकी मौत हो गई। घटना सोमवार को एमआईडीसी थानांतर्गत हुई। आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया। मृतक हिंगना रोड पर अमर नगर निवासी राहुल साखरे (24) है। उसे माता-पिता नहीं है। दादी और बहन के साथ रहता था। बस्ती की ही एक युवती से उसके प्रेम संबंध थे। प्रेमिका की शादी तय हो गई। इससे आहत होकर प्रेमिका की सगाई के एक दिन पूर्व उसने रसोईघर में सीलिंग फैन को चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस के हाथ एक चिट्ठी लगी है, जो उसके मित्र के नाम है। उसमें कहा है कि, तीन हजार रुपए में उसने अपनी प्रेमिका का मोबाइल गिरवी रखा है, जिसे छुड़ाकर देने के लिए कहा है।

अभियंता की पत्नी ने जहर गटका : बिजली विभाग के अभियंता की पत्नी ने जहर गटक लिया। उसकी मौत हो गई। हुड़केश्वर थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया। मृतका मानेवाड़ा रोड पर जवाहर नगर निवासी भारती ऋषिकेश जांगडे (29) है। उसने रविवार को जहरीली दवा का सेवन किया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह गृहिणी थी। उसका पति बिजली विभाग में अभियंता है।

दो दोपहिया वाहनों में भिड़ंत, रसोइए की मौत : बीती रात दो दोपहिया वाहनों में हुई भिड़ंत में रसोइए की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व मासूम बेटा घायल हो गया। हादसे में आरोपी चालक भी घायल हुआ है। आरोपी चालक के खिलाफ शांति नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। मृतक बोहरा कालोनी के पास जय भोले नगर निवासी विनोद लक्ष्मण देवीकर (48) रसोइया है।

रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे : विनोद रिश्तेदार का देहांत होने से रविवार को उसके मामा के घर में भोज कार्यक्रम में शामिल होने से लिए पत्नी नूतन, भाई मनोज, उसकी पत्नी कुंदा और पुत्र भावेश (10) दो दोपहिया वाहनों से गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटते समय विनोद के वाहन (एम.एच.-49-ए.एम.-9640) पर उसकी पत्नी नूतन और मनोज का बेटा भावेश थे। मेहंदीबाग पुलिया के पास एक लॉन के सामने दोपहिया वाहन (एम.एच.-49-बी.जी.-8554) के चालक ने वाहन तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाकर विनोद के वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में विनोद, नूतन और भावेश नीचे िगर पड़े। गंभीर रूप से घायल हुए विनोद की मौत हो गई। पत्नी नूतन और भावेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेयो अस्पताल के अतिदक्षता विभाग में भर्ती कराया गया है। हादसे में आरोपी चालक भी घायल हुआ है। उपनिरीक्षक तिवारी ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज िकया।

Created On :   6 Feb 2024 8:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story