नागपुर: इलेक्शन मोड में शिंदे सेना, राम मंदिर और धारा 370 के मुद्दे पर जनता से साधेंगे संवाद

इलेक्शन मोड में शिंदे सेना, राम मंदिर और धारा 370 के मुद्दे पर जनता से साधेंगे संवाद
  • शिवसेना उद्धव गुट का विकल्प
  • शिवसेना शिंदे गुट का अभियान

डिजिटल डेस्क, नागपुर. विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व की शिवसेना विविध हिंदूवादी विषयों को लेकर जन संवाद साधेगी। विशेषकर अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण व जम्मू कश्मीर की स्वायत्ता संबंधी धारा 370 को हटाने के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। नागपुर जिले में भी अगले सप्ताह से यह अभियान शुरू हो जाएगा। शिवसेना सांसद डॉ.श्रीकांत शिंदे इस अभियान की निगरानी करेंगे। इसके अलावा शिवदूत अभियान को गति दी जाएगी।

सम्मेलन में चर्चा

16 व 17 फरवरी को कोल्हापुर में शिवसेना का सम्मेलन हुआ। इसमें जिले से सांसद कृपाल तुमाने, विधायक आशीष जैस्वाल, पूर्व विदर्भ संगठन प्रमुख किरण पांडव, जिला प्रमुख ग्रामीण संदीप इटकेलवार, जिला प्रमुख शहर सूरज गोजे, युवा सेना के पूर्व विदर्भ प्रमुख हितेश यादव, शहर प्रमुख धीरज फंदी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। जिला प्रमुख सूरज गोजे के अनुसार, सम्मेलन में प्रमुख तौर से संगठनात्मक व राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा हुई। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी के साथ जनता से संपर्क करने को कहा गया है।

शिवसेना उद्धव गुट का विकल्प

शिवसेना की पहचान हिंदूवादी संगठन के रूप में रही है। ऐसे में शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना ने शिवसेना उद्धव गुट का विकल्प बनने का निर्णय लिया है। राज्य ही नहीं, बल्कि अन्य प्रदेशों में भी शिवसेना शिंदे गुट विस्तार करेगी। लिहाजा भाजपा के साथ मिलकर विविध ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिसमें संगठन की पहचान हिंदूवादी के तौर पर प्रमुखता से उभरे।

शिवसेना शिंदे गुट का अभियान

कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मंदिर कमेटियों के पदाधिकारियों से भी चर्चा करेेंगे।

भजन, चालीसा कार्यक्रमों के माध्यम से विविध बस्तियों में कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा।

तेजी से संगठन विस्तार के लिए सदस्यता पंजीयन अभियान को और गति दी जाएगी।

जिन स्थानों पर संगठन के प्रमुख पद रिक्त हैं, वहां जल्द ही नई नियुक्तियां की जाएगी।

और यह भी... बूथ प्रबंधन के लिए शिवदूत अभियान चलाया जा रहा है। 20 प्रतिशत राजनीति व 80 प्रतिशत सामाजिक कार्य के फार्मूले के तहत विधानसभा क्षेत्र स्तर पर स्वास्थ्य जांच शिविर के अलावा अन्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

Created On :   18 Feb 2024 10:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story