भाजपा अध्यक्ष नड्डा के नाम पर विधायक खोपडे से भी हुई थी वसूली की कोशिश

भाजपा अध्यक्ष नड्डा के नाम पर विधायक खोपडे से भी हुई थी वसूली की कोशिश
  • विधायक खोपडे से भी हुई थी वसूली की कोशिश
  • विधायक ने किया ऑफर को नजर अंदाज
  • फोन करने वाला खुद को बता रहा था भाजपा अध्यक्ष का करीबी

डिजिटल डेस्क, नागपुर, रघुनाथसिंह लोधी। पूर्व नागपुर के विधायक कृष्णा खोपडे ने सनसनीखेज खुलासा किया। उनके खुलासे से साफ हो रहा है कि मंत्रिपद का झांसा देकर विधायकों से वसूली करने का प्रयास पहले भी किया गया था। विधायक कृष्णा खोपडे से फोन पर कहा गया था कि उन्हें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य में मंत्री बनाने वाले हैं। मंत्रिपद के एवज में अगले निर्देश के लिए तैयार रहने को कहा गया था। 3-4 बार फोन के बाद भी खोपडे ने ऑफर को नजर अंदाज कर दिया था। उन्होंने किसी से शिकायत भी नहीं की। खोपडे के अनुसार-फोन करने वाला खुल का नाम शर्मा बताया था। वह दावा कर रहा था कि मंत्रिमंडल विस्तार में स्थान तय रहेगा।


नड्डा के अगले निर्देश की जानकारी दी जाएगी। गाैरतलब है कि जिले के भाजपा विधायक विकास कुंभारे व टेकचंद सावरकर सहित राज्य के अन्य विधायकों को मंत्रिपद का झांसा देकर वसूली करने के प्रयास में पुलिस ने नीरजसिंह राठोर को गिरफ्तार किया है। गुजरात में पकड़े गए राठोर से पुलिस पूछताछ कर रही है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा के नाम पर वसूली के प्रयास के मामले में राठोर व विधायक कुंभारे के बीच फोन पर चर्चा का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।


इस बीच विधायक खोपडे ने कहा है कि उनके साथ भी इसी तरह वसूली का प्रयास किया गया था। अगस्त 2022 में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा चल रही थी। उस समय फोन पर संपर्क कर एक शख्स ने कहा था कि वह दिल्ली से शर्मा बोल रहा है। मंत्रालय व भाजपा से संबंधित कार्यों का दायित्व संभालता है। उस शख्स का दावा था कि मंत्रिमंडल विस्तार के लिए मंत्रियों की सूची में खोपडे का नाम भी शामिल किया जा रहा है। इसके एवज में भाजपा अध्यक्ष के अगले निर्देशों का पालन करना होगा। खोपडे ने यह भी बताया कि उन्होंने विधायक कुंभारे के साथ नीरजसिंह राठोर के फोन पर संवाद का ऑडियो सुना है। उस आधार पर उन्हें लगता है कि उन्हें फोन करनेवाला राठोर की बजाय कोई और था। वह शख्स काफी मीठा अर्थात आत्मीय भाव दर्शाते बात कर रहा था, लेकिन उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया गया। 2 दिन में करीब 5 बार फोन के बाद उस शख्स ने फोन करना बंद कर दिया।

इस प्रकार के प्रयासों की जानकारी थी

कृष्णा खोपडे के मुताबिक मैंने पहले ही सुना था कि मंत्रिपद दिलाने का झांसा दिया जा रहा है। समाचारों में भी ऐसे प्रयासों के बारे में सुना था। लिहाजा फोन पर ऑफर मिलने पर मैं उसे नजर अंदाज करता रहा। वैसे भी भाजपा में मंत्रिपद पैसों से नहीं मिलते हैं। मेरे से रुपयों की मांग नहीं की गई। हर बार यही कहा गया कि अगले निर्देश के लिए तैयार रहना होगा।


सुबह-शाम फोन

विकास कुंभारे, विधायक मध्य सीट ने बताया कि मंत्रिपद को लेकर सुबह शाम फोन आ रहे थे। आशंका होना स्वाभाविक थी। मैंने पुलिस आयुक्त से मुलाकात के पहले उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात का प्रयास किया था। उपमुख्यमंत्री से चर्चा नहीं हो पायी थी, लेकिन पुलिस आयुक्त से मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें घटनाक्रम की जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन में ही प्रकरण दर्ज कराया गया।


Created On :   21 May 2023 12:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story