सर्वे: नागपुर जिले में सर्वे में मिले टीबी के 32 मरीज

नागपुर जिले में सर्वे में मिले टीबी के 32 मरीज
13 ब्लाक में हाई रिस्क एरिया के करीब 2 लाख 22 हजार लोगों की जांच

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले को टीबी मुक्त करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3 अक्टूबर से शुरू किए गए सर्वे में अब तक टीबी के 32 मरीजों का पता लगाया जा सका है। जिला क्षय रोग अधिकारी विद्यानंद गायकवाड़ ने बताया कि 13 ब्लाक में हाई रिस्क एरिया के करीब 2 लाख 22 हजार लोगों को सर्वेक्षण में शामिल किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के तहत इनमें से 10 फीसदी संदिग्ध मरीजों की क्षय रोग जांच की गई, जिसमें 32 लोगों के क्षय रोग से ग्रस्त होने का खुलासा हुआ है। 13 अक्टूबर तक जारी सर्वे का 80 फीसदी काम पूर्ण होने का दावा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में टीबी के करीब 1700 एक्टिव मरीज हैं तथा वर्ष 2023 में अब तक टीबी से 23 मरीजों की मौत हुई है। 1700 एक्टिव मरीजों में केवल 2 गंभीर बीमार हैं तथा अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। शेष मरीजों को नियमित रूप से दवाएं व पोषक आहार दिया जा रहा है।

डेथ ऑडिट कराया जा रहा है : टीबी से मौत के शिकार मरीजों का डेथ ऑडिट शुरू होने की जानकारी देते हुए विद्यानंद गायकवाड़ ने बताया कि इन मरीजों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। डेथ आॅडिट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसका निवारण व उपाय करने का प्रयास किया जाएगा। इस तरह टीबी के मरीज की मृत्य का कारण जानकर अन्य मरीजों को बचाने की योजना पर कार्य किया जाएगा। उन्होंेने बताया कि टीबी के मरीजों की मदद के लिए शुरू की गई नि:क्षय मित्र योजना के तहत नागपुर जिले में करीब 353 गैर सरकारी संगठन, संस्था व प्रतिष्ठानों का नामांकन किया गया है। इस योजना के तहत उक्त संगठन टीबी के मरीज को गोद लेकर उनके इलाज व पोषक आहार का प्रबंध कर रहे हैं।

Created On :   12 Oct 2023 9:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story