इन्कम टैक्स का कांफीडेंस समूह पर छापा, मुंबई और नागपुर की टीम रात तक करती रही जांच-पड़ताल

इन्कम टैक्स का कांफीडेंस समूह पर छापा, मुंबई और नागपुर की टीम रात तक करती रही जांच-पड़ताल

Nagpur News. इन्कम टैक्स विभाग की मुंबई और नागपुर टीम ने मंगलवार को कांफीडेंस पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नितीन खारा के रामदासपेठ स्थित कांफीडेंस टावर पर छापा मारा। टीम ने बैलेंस शीट, लेजर और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की। आयकर विभाग ने एक साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की, जो देर रात तक जारी रही। शहर के बड़े उद्योगपति पर छापा पड़ने से औद्योगिक जगत में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

तीन स्थानों पर एकसाथ छापेमारी

मुंबई टीम ने नागपुर के अधिकारियों के साथ मिलकर रामदासपेठ स्थित कांफीडेंस टावर, वर्धा रोड के सत्यम अपार्टमेंट और आनंदम में कंपनी से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट के निवास पर छापेमारी की। रामदासपेठ स्थित बहुमंजिला इमारत में नितीन खारा का निवास और कार्यालय दोनों हैं। यहां रात तक दस्तावेजों की जांच जारी रही, इस दौरान घर के सदस्यों और कर्मचारियों को बाहर नहीं जाने दिया गया। वर्धा रोड स्थित कार्यालय और सीए के घर पर भी दस्तावेजों की जांच चलती रही।

नितीन खारा और उनका कारोबार

नितीन खारा कांफीडेंस समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। उनका कारोबार एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन, बॉटलिंग और मार्केटिंग से जुड़ा है।

  • 1997 में एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन की शुरुआत की।
  • 1998 में गैस प्वाइंट पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड की स्थापना की।
  • 1999 में सिलेंडर मैन्युफैक्चरिंग की दो यूनिटें शुरू कीं।

बाद में उनकी अगुवाई में गुजरात सिलेंडर्स प्रा. लि., महाराष्ट्र सिलेंडर्स प्रा. लि. और एन्वी सिलेंडर्स प्रा. लि. जैसे और तीन यूनिट जोड़े गए।

उनका कारोबार महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में फैला हुआ है। गो गैस ब्रांड के तहत घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी वितरण का कार्य होता है।

आयकर विभाग की जांच का फोकस

टीम ने हाल के वर्षों में हुई कमाई, खर्च, लेजर और बैलेंस शीट से संबंधित सभी दस्तावेजों की पड़ताल की। नितीन खारा ने वर्ष 1982 में नागपुर में स्टील बर्तनों और घरेलू उपकरणों की ट्रेडिंग से अपने व्यावसायिक सफर की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने गैस और पेट्रोलियम क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। पुलिस बंदोबस्त में देर रात तक जांच जारी रही और संभावना है कि कार्रवाई बुधवार को भी जारी रहे।

सोशल मीडिया पर चर्चा

कांफीडेंस समूह पर आयकर विभाग की छापेमारी की खबर शहर में तेजी से फैल गई। इसके साथ ही दशहरे के दिन नितीन खारा के रामदासपेठ स्थित निवास पर एक साथ दर्जनभर से अधिक वाहनों की पूजा करते हुए वायरल हुई तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Created On :   7 Oct 2025 7:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story