नागपुर: गोल्ड स्मगलिंग में शहर के नामी सर्राफा व्यापारी तक पहुंची जांच

गोल्ड स्मगलिंग में शहर के नामी सर्राफा व्यापारी तक पहुंची जांच
  • आरोपी ने बताया नाम
  • तब हुई कार्रवाई
  • गोल्ड स्मगलिंग

डिजिटल डेस्क, नागपुर. रेलवे स्टेशन पर 13 अक्टूबर को लगभग 9 किलो सोने के बिस्कुट के साथ पकड़े गए दो आरोपियों के तार नागपुर के नामी सर्राफा व्यापारी से जुड़े हैं। दोनों आरोपी कोलकाता से ट्रेन में सवार हुए थे। डीआरआई ने आजाद हिंद एक्सप्रेस में सफर कर रहे राहुल (35) व बालूराम (39) को सोने के साथ गिरफ्तार करने के बाद नागपुर के नामी सर्राफा व्यापारी के यहां दबिश देकर उसे और उसके भतीजे को भी गिरफ्तार कर लिया है। डीआरआई उन्हें पुलिस को सूचित कर उन्हें साथ लेकर गई है। इस मामले में कई बड़े नामों के खुलासे हो सकते हैं। ट्रेन में पकड़े गए दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने के बाद चौकाने वाला खुलासा हुआ। पूरे मामले के तार नागपुर, वाराणसी व देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जुड़े होने की जानकारी के बाद राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने इनके आकाओं पर दबिश दी। डीआरआई नागपुर के अधिकारियों ने इतवारी के नामी सर्राफा व्यापारी व उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सोने की डिलीवरी नागपुर में इस व्यापारी के यहां होनी थी, ऐसी चर्चा है। पकड़ा गया सर्राफा व्यापारी सर्राफा एसोसिएशन का बड़ा पदाधिकारी है। पूर्व में अवैध सोना तस्करी के मामले में यह पदाधिकारी जेल भी जा चुका है। डीआरआई इस मामले में संबंधित व्यापारी के सभी पुराने सौदों की जांच-पड़ताल कर रही है। जिसमें नागपुर से जुड़े कई नामों का खुलासा होने की उम्मीद है। डीआरआई अभी तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। नागपुर से कुल 4 आरोपी हैं आैर इन सभी को डीआरआई, मुंबई के हवाले किया गया है। 11 आरोपियों से अभी तक करीब 31.7 किलो सोना जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 19 करोड़ बताई गई है। डीआरआई मुंबई मामले की जांच कर रही है।

आरोपी ने बताया नाम, तब हुई कार्रवाई

इस मामले में पकड़े गए आरोपी ने एक नामी सर्राफा व्यापारी का नाम बताया जिसके यहां वह माल की डिलीवरी देना वाला था। 411 नियम के तहत दिए गए बयान के आधार पर यह कार्रवाई हुुई। गिरफ्तारी के बाद से सर्राफा बाजार में हलचल कम हो गई है। पकड़े गए व्यापारी से नागपुर के अलावा विदर्भ के सर्राफा व्यवसायी सोना खरीदते थे। अब किसका नंबर आएगा, यह डर भी सर्राफा व्यापारियों को सता रहा है। आगे की जांच में कई बड़े नामों के खुलासे हो सकते हैं।

Created On :   17 Oct 2023 1:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story