मौसम: बेमौसम बारिश से बढ़ी ठंड, गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी

दो दिन में अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री नीचे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ऊपरी हवा में चक्रवात तैयार होने से नागपुर जिले में गरज के साथ बारिश हुई। बारिश के कारण दो दिन में अधिकतम तापमान आैसत से 10.8 डिग्री गिर गया। तापमान तेजी से नीचे आने से नागपुर जिला (शहर व ग्रामीण) ठंड की आगोश में आ गया। बारिश व ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही बाजारों में रौनक फीकी रही। रास्ते पर भी लोगों व वाहनों की आवाजाही सामान्य से कम दिखाई दी। लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। अचानक तापमान में आई भारी कमी के कारण गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई। लोगों ने गर्म कपडे पहनकर ही बाहर निकलना बेहतर समझा। मंगलवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में 36.2 मिमी बारिश हुई।

गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुजरात से मध्य प्रदेश तक ऊपरी हवा में चक्रवात बनने से नमी आ रही है। नागपुर समेत विदर्भ में बारिश हो रही है। बारिश के कारण नागपुर समेत पूरे विदर्भ में अधिकतम तापमान आैसत से नीचे आ गया। जिले में पिछले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में आैसत से 10.8 डिग्री की कमी आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। बुधवार 29 व गुरुवार 30 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री से भी कम का अंतर : मंगलवार को अधिकतम तापमान 19.0 िडग्री व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में महज 2.8 डिग्री का फासला रहा। अधिकतम तापमान अब आैर अधिक नीचे आने की संभावना नहीं है। 1 दिसंबर से मौसम खुलने के साथ ही अधिकतम तापमान बढ़ेगा आैर न्यूनतम तापमान आैसत से नीचे आने की संभावना है।

एसी व कूलर बंद : ठंड बढ़ने के साथ ही घरों में चल रहे कूलर व एसी बंद हो गए। अब पंखे से ही काम चलाया जा रहा है। पिछले दो दिन से पंखे का इस्तेमाल भी जरूरत के हिसाब से ही हो रहा है।

तारीख अधिकतम न्यूनतम

28 नवंबर 19.0 16.2

27 नवंबर 24.2 18.2

26 नवंबर 29.8 16.0

25 नवंबर 30.3 17.3

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

Created On :   29 Nov 2023 4:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story