- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 600 रुपए खरीदा बीज 60 रुपए में...
Nagpur News: 600 रुपए खरीदा बीज 60 रुपए में बेचने मजबूर हो रहे उत्पादक

- लहसुन का बंपर उत्पादन, किसान बेहाल
- आलू, प्याज और अदरक में भी गिरावट दर्ज
Nagpur News शहर के थोक बाजार में लहसुन, आलू-प्याज और अदरक के दाम में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 1 से डेढ़ महीने पहले तक खुदरा में 400 से 500 रुपए किलो बिकने वाले लहसुन के दाम अब 150 से 200 रुपए किलो तक आ गए हैं। लहसुन का बंपर उत्पादन होने के कारण लहसुन उत्पादक किसान बेहाल हो गए हैं। बहुत से किसानों ने खेतों में 500 से 600 रुपए किलो वाला लहसुन लगाया था, लेकिन अब थाेक मंड़ियों में भाव 50 से 80 रुपए किलो मिल रहे हैं। वहीं बाजार में आलू की भी आवक बढ़ गई है, आलू खुदरा में 25 रुपए किलो तक बिक रहा है। अदरक भी खुदरा में 50 से 60 रुपए किलो के स्तर पर आ गई है। जबकि बाजार में लाल प्याज की आवक कम हाेने के कारण खास राहत नहीं मिली हैं, लेकिन सफेद प्याज राहत प्रदान कर रही है।
एमपी में बंपर उत्पादन : थोक व्यापारी विश्वबंधु गुप्ता के अनुसार, मध्यप्रदेश में लहसुन का बंपर उत्पादन हुआ है। मंडियाें में भारी मात्रा में लहसुन आ रही है। नागपुर की मंडी में रोजाना 6000 से 8000 पैकेट लहसुन की आवक हो रही है, जबकि मध्यप्रदेश की नीमच, इंदाैरा, जामरा, मनसौर जैसी मंडियों में रोजाना 2 लाख पैकेट लहसुन की आवक है।
किसान हुए बेहाल :लहसुन को भाव नहीं मिलने के कारण लहसुन उत्पादक किसान बेहाल हो गए हैं। किसानों की लागत भी नहीं निकल पा रही है। इस साल अधिकांश किसानों ने खेतों में उंटी से लाया हुआ बीज बोया था। किसानों को यह बीज 500 से 600 रुपए प्रति किलो खरीदना पड़ा था और अब थोक में लहसुन 80 रुपए किलो तक बिक रही है। बंपर उत्पादन होने के कारण किसानों को भाव नहीं मिल रहा है और उन्हें भारी नुकसान वहन करना पड़ रहा है।
आलू भी सस्ता : विश्वबंधु गुप्ता ने बताया कि मंडी में उत्तर प्रदेश के आलू की आवक शुरू हो चुकी है। यूपी में फसल अच्छी होने के कारण आलू के दाम भी काफी कम हैं। थोक बाजार में आलू 14 रुपए किलो बिक रहा है। खुदरा विक्रेता इसे 20 से 25 रुपए किलो बेच रहे हैं। अदरक के दाम भी आवक बढ़ने के कारण काफी कम हुए हैं। बाजार में औरंगाबाद से बंगलुरु से अदरक की आवक हो रही है।
गुजरात से सफेद प्याज : महाराष्ट्र में प्याज की फसल कम है, लेकिन इन दिनों गुजरात से सफेद प्याज की आवक हो रही है। इसीलिए बाजार में सफेद प्याज के दाम लाल प्याज के मुकाबले काफी कम है। थोक बाजार में सफेद प्याज सफेद प्याज 300-800 और लाल प्याज 300-1200 रुपए (40 किलो) बिक रही है। खुदरा में सफेद प्याज 30 और लाल प्याज 40 रुपए किलो है। यू.पी. आलू भंडार कलमना के अनुसार आलू 300-550, सफेद प्याज 300-800, लाल प्याज 300-1200, लहसुन नई 400-3200 (प्रति 40 किलो) और अदरक 1500-1700 (प्रति 60 किलो) रुपए बिक रही है।
Created On :   18 Feb 2025 3:56 PM IST