Nagpur News: वॉशिंग मशीन से निकला अनचाहा मेहमान, जानिए - इस रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन से कैसे बचा परिवार

वॉशिंग मशीन से निकला अनचाहा मेहमान, जानिए - इस रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन से कैसे बचा परिवार
स्ट्राइप्ड कीलबैक (नानेटी) प्रजाति का सांप था

Nagpur News. कल्पना कीजिए, रोज की तरह वॉशिंग मशीन खोलें और उसमें एक सांप फंसा हुआ मिले! कुछ ऐसा ही हुआ शंकरपुर गांव की सिल्वर कॉलोनी निवासी रोशनी भगत के साथ। जैसे ही उन्होंने मशीन खोली, अंदर जाली में फंसा सांप देखकर पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार ने घबराने के बजाय तुरंत मदद मांगी। सूचना मिलते ही "हेल्प फॉर एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन नागपुर" के सर्पमित्र आशीष राहेकवाड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक मशीन की जाली हटाई और बिना किसी नुकसान के सांप को बाहर निकाला। बाद में उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।

आशीष ने बताया, "यह सांप बिनविषैला था। डरना स्वाभाविक है, लेकिन यह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता। यह सिर्फ मशीन में फंसकर परेशान था।"

कौन था यह ‘मेहमान’?

विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्ट्राइप्ड कीलबैक (नानेटी) प्रजाति का सांप था।

पूरी तरह बिनविषैला

  • मुख्य भोजन – मेंढक
  • बरसात में अधिक सक्रिय
  • वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) के तहत शेड्यूल-2 में शामिल, इसलिए इसे मारना अपराध है।

बारिश में सांपों से बचाव के उपाय

  • परिसर साफ रखें: कचरा, लकड़ी के ढेर और बेकार सामान न रखें।
  • घास पर नियंत्रण: ऊँची घास और बेलों को समय-समय पर काटें।
  • चूहों पर नियंत्रण: घर में चूहे न पनपने दें, यह सांपों को आकर्षित करते हैं।
  • रात में सतर्कता: दरवाजों के नीचे कपड़ा लगाएं ताकि सांप अंदर न घुसें।

Created On :   22 Sept 2025 9:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story