- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- डीचोकिंग, नागपुर शहर में अब खुलकर...
Nagpur News: डीचोकिंग, नागपुर शहर में अब खुलकर सांस ले पा रहे हैं 550 पेड़

- मनपा का विशेष अभियान
- 10 जोन में वृक्षों के आधार से हटाया जा रहा कंक्रीट
Nagpur News तेजी से हो रहे शहरीकरण और कंक्रीट के जाल में घिरते पर्यावरण के बीच नागपुर महानगरपालिका की एक सकारात्मक पहल सामने आई है। शहर की सड़कों और गलियों में वर्षों से पेड़ों के चारों ओर जमा सीमेंट और कंक्रीट को हटाया जा रहा है, जिससे अब ये पेड़ खुलकर "सांस’ ले पा रहे हैं। यह कार्य मनपा के विभिन्न 10 जोन में एक साथ शुरू किया गया है और इसका प्रभाव धीरे-धीरे पूरे शहर में दिखाई देने लगा है। अब तक शहर में कुल 550 पेड़ों के आधार से कंक्रीट हटाया जा चुका है।
जड़ों को नहीं मिल रहा था हवा-पानी : पिछले कुछ वर्षों में देखा गया है कि, शहर में पेड़ों के चारों ओर सीमेंट और कंक्रीट भरने की प्रवृत्ति बढ़ गई थी, इससे पेड़ों की जड़ों को हवा और पानी नहीं मिल पा रहा था। पेड़ अंदर ही अंदर सूखने लगे थे, जिससे न सिर्फ हरियाली में कमी आई, बल्कि यह पर्यावरण असंतुलन की ओर भी संकेत देने लगा।
मनपा के गार्डन विभाग ने इस खतरे पर संज्ञान लेकर एक विशेष अभियान के तहत "ट्री डीचोकिंग’ (पेड़ों के चारों ओर से कंक्रीट हटाना) की प्रक्रिया शुरू की है। अब तक शहर में कुल 550 पेड़ों के आधार से कंक्रीट हटाया जा चुका है।
अन्य शहरों के लिए प्रेरणा बन सकती है पहल : पेड़ की जड़ों को खुला स्थान मिलने से न केवल ऑक्सीजन और जल का संचार बेहतर होता है, बल्कि यह पेड़ों की आयु को भी बढ़ाता है। साथ ही इससे मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। यह पहल आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी एक प्रेरणा बन सकती है। शहरी क्षेत्रों में पेड़ों को संरक्षित रखने के लिए ऐसे कदम आवश्यक हो गए हैं, क्योंकि तेजी से बढ़ते कंक्रीट जंगलों में पेड़ों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है।
काम पूरा होने तक जारी रहेगा अभियान : सभी 10 जोन में पेड़ों के ऊपर से कंक्रीट निकालने का काम शुरू कर दिया है। जब तक हर एक जोन में ‘डीचोकिंग’ का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। -अमोल चौरपगार, मनपा गार्डन सुपरिटेंडेंट
Created On :   17 Jun 2025 2:51 PM IST