- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पुत्री पर जानलेवा हमले के बाद पिता...
Nagpur News: पुत्री पर जानलेवा हमले के बाद पिता ने गटका जहर

Nagpur News पुत्री पर हमला करने के बाद पिता ने जहर गटक लिया। उसकी मौत हो गई। गुरुवार को दिनदहाड़े झिंगाबाई टाकली परिसर में हुई इस घटना से हड़कंप मचा रहा। पता चलते ही आला पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। जख्मी पुत्री का उपचार जारी है। मानकापुर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
आए दिन विवाद करता था : झिंगाबाई टाकली निवासी रामप्रसाद (53) प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। पत्नी गृहिणी है। उन्हें तीन पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी विशाखा (18) (परिवर्तित नाम) कक्षा 12 में है। रामप्रसाद शंकालु प्रवृत्ति का था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी के किसी से संबंध हैं। पुत्री के भी किसी से प्रेम संबंध होने का शक था। इस बात को लेकर आए दिन वह पत्नी व पुत्री से विवाद करता था। हमेशा की तरह गुरुवार की दोपहर करीब 1 से 1.30 बजे के दौरान पुत्री से विवाद हुआ। उस वक्त उसकी पत्नी बाहर गई हुई थी, जबकी अन्य दो पुत्रियां स्कूल गई थीं। विवाद से तैश में आए रामप्रसाद ने कपड़े धोने की ‘मोगरी’ से उसकी पिटाई की। बाद में चाकू से भी हमला किया। जख्मी अवस्था में बचाने की गुहार लगाते हुए वह घर से भागी, तो रामप्रसाद भी उसके पीछे चाकू लेकर दौड़ा।
उठाया आत्मघाती कदम रामप्रसाद को लगा कि उसकी पुत्री का बचना संभव नहीं है। भीड़ के सामने चाकू लेकर दौड़ने से उसे बदनामी और पुलिस कार्रवाई का डर सता रहा होगा। उसने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। सड़क किनारे उसे बेहोशी की हालत में पाया गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसकी मृत्यु की पुष्टि की।
पीछे चाकू लेकर दौड़ा : बेटी के पीछे चाकू लेकर दौड़ते हुए परिसर के कई लोगों ने देखा। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव का साहस नहीं किया। कुछ तो घटना का वीडियो बनाने की कोशिश करते रहे। इस बीच गश्ती दल का बीट मार्शल भीड़ देखकर वहां पर रुका, तो उसे माजरा समझ में आया। लेकिन उसे देखते ही रामप्रसाद वहां से भाग िनकला। इस बीच, उसकी पुत्री को गंभीर हालत में मानकापुर चौक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। पता चलते ही आला पुलिस अधिकारी व अन्य रिश्तेदार अस्पताल में और मौके पर पहुंचे।
Created On :   21 Nov 2025 12:30 PM IST















