Nagpur News: मधुमक्खियों का हमला मरीज की मौत, 40 घायल

मधुमक्खियों का हमला मरीज की मौत, 40 घायल
मनोचिकित्सालय में दहशत का माहौल

Nagpur News मानकापुर स्थित प्रादेशिक मनोचिकित्सालय में गुरुवार की दोपहर दिल दहला देने वाली घटना हुई। भोजन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने मरीजों पर हमला कर दिया। इस हमले में 60 वर्षीय मरीज किसन विलास की मौत हो गई, जबकि 38 मरीज और 2 कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल है।

गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजे वार्ड नंबर 4 और 5 के मरीज भोजन के लिए बरामदे में बैठे थे। लगभग 1.30 बजे अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड वहां आ पहुंचा। मनोरोग से पीड़ित होने के कारण कई मरीजों को समझ ही नहीं आया कि वे अपना बचाव कैसे करें। करीब 20 मिनट तक यह भयावह स्थिति बनी रही। मधुमक्खियों ने मरीजों के चेहरों और हाथों पर कई जगह डंक मार दिए। वहां मौजूद कर्मचारियों को भी खुद को बचाने का मौका नहीं मिला।

श्वसन रोग से पीड़ित थे, धक्के से मौत : हमले में गंभीर रूप से घायल हुए वृद्ध मरीज किसन विलास पहले से सीओपीडी यानी श्वसन रोग से पीड़ित थे। अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले और लगातार डंक से उन्हें बड़ा झटका लगा। इलाज के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेजा गया है। मानकापुर पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। अधिक जानकारी के लिए मेडिकल अधीक्षक से संपर्क करने पर प्रतिसाद नहीं मिला।


Created On :   21 Nov 2025 12:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story