Nagpur News: महिला कर्मचारी की गुहार - समायोजन कर दो, नहीं तो ईच्छा मृत्यु की इजाजत दे दो!

महिला कर्मचारी की गुहार - समायोजन कर दो, नहीं तो ईच्छा मृत्यु की इजाजत दे दो!
  • महिला कर्मचारी ने स्वास्थ्य सेवा आयुक्त से लगायी गुहार
  • 48 कर्मचारियों को समायोजन का इंतजार

Nagpur News. राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान अंतर्गत 19 साल से ठेका पद्धति पर सेवा दे रही महिला कर्मचारी ने स्वास्थ्य सेवा आयुक्त से ईच्छामृत्यु के लिए गुहार लगायी है। 5 दिसंबर 2025 को इस आशय का एक पत्र भेजा गया है। इस पत्र में महिला कर्मचारी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए लिखा है कि यदि 10 दिसंबर 2025 तक उसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान अंतर्गत समायोजन करने का पत्र नहीं मिला तो वह 11 दिसंबर 2025 को ईच्छा मृत्यु स्वीकार करना चाहती है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवा अायुक्त से इजाजत मांगी है।

4 महीने पहले हुई थी बैठक

महिला कर्मचारी का नाम नागपुर निवासी रज्जू टिकाराम परिपगार है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा अायुक्त को लिखे पत्र में बताया है कि 10 सितंबर 2025 को एक बैठक हुई थी। इस बैठक में नागपुर व अमरावती विभाग के सार्वजनिक स्वास्थ्य विषय व विविध समस्याओं को शामिल किया गया था। बैठक में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर, स्वास्थ्य विभाग के सभी उच्चस्तरीय अधिकारी शामिल थे। बैठक में मातृवंदना योजना के ठेका कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान में शामिल करने का प्रस्ताव देने के लिए अभियान के सहसंचालक को सूचित किया गया था। 10 दिसंबर को बैठक को 4 महीेने पूरे हो जाएंगे। लेकिन अब तक प्रस्ताव भेजा नहीं गया है।

48 कर्मचारियों को समायोजन का इंतजार

समायोजन के विषय को लेकर बार-बार पत्राचार, निर्देश व सूचना के बावजूद प्रस्ताव नहीं भेजने से यही साबित होता है कि ठेका कर्मचारियों को स्थायी करने के प्रति कोई भी सकारात्मक नहीं है। रज्जू परिपगार ने पत्र में बताया है कि ठेका कर्मचारी पिछले तीन साल से 4-5 महीने तक पुर्ननियुक्ति के आदेश जारी नहीं करना, 4-5 महीने तक मानधन नहीं देना आदि समस्या से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं से त्रस्त होकर रज्जू परिपगार ने ईच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। उन्होंने बताया कि उनकी नियुक्ति 2006 में स्वास्थ्य उपसंचालक के माध्यम से हुई थी। उन्होंने स्वास्थ्य योजना अंतर्गत विविध कामों की जिम्मेदारी निभायी है। वर्तमान में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जिला कार्यक्रम समन्वयक है। परिवार में दुर्घटनाग्रस्त पति है, जो काम नहीं कर सकते। एक 16 साल का बेटा व 11 साल की बेटी पढ़ाई कर रहे हैं। रज्जू ने बताया कि समायोजन की समस्या केवल उनकी अकेली की नहीं है। पहले कुल 74 कर्मचारी थे। समय पर समायोजन नहीं किये जाने से कुछ कर्मचारी आयु मर्यादा के पार हो गए। कुछ लोगों ने नोकरी छोड़ दी। इस समय 48 कर्मचारी हैं, जिन्हें सरकारी सेवा में समायोजन का इंतजार है। सितंबर महीने से मानधन नहीं मिलने की जानकारी दी गई है।

2023 से समायोजन के लिए लगा रहे गुहार

18 मार्च 2023 को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत सेवारत ठेका कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारी के रुप में समायोजन करने के लिए राज्य कार्यक्रम समन्वयक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री और जिले के पालकमंत्री को पत्र दिया था। 22 अप्रैल 2023 को परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त व राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य अभियान के संचालक ने उपसंचालक, जिप मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला सिविल सर्जन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र दिया था। इस पत्र में पात्र उम्मीदवारों का समकक्ष पदों पर समायोजन करने की सूचना व वेतन देने की सूचना दी गई थी। 14 मार्च 2024 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान अंतर्गत 10 साल व इससे अधिक कालावधि तक सेवा देनेवाले पात्र ठेका कर्मचारियों को सीधे समकक्ष सेवा में शामिल करने की अधिसूचना जारी की गई। 19 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री सचिवालय से एक पत्र स्वास्थ्य विभाग के सचिव को दिया गया। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत 10 साल या इससे अधिक कालावधि से सेवा करनेवाले कर्मचारियों का समायोजन करने के लिए सूचित किया गया।

केंद्रीय मत्री गडकरी ने भी लिखा पत्र

13 जुलाई 2025 को केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर को पत्र लिखा है। इसमें भी 10 साल से अधिक समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों का समावेश के विषय पर नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा गया है। 29 जुलाई 2025 को राज्य सेवा अधिकार आयोग अभय यावलकर ने स्वास्थ्य सेवा अभियान की संचालक डॉ. कादंबरी बलकवडे को पत्र दिया। पत्र में जिला कार्यक्रम समन्वयक रज्जू परिपगार व जिला कार्यक्रम सहायक निलेश आडूलकर के आवेदन का उल्लेख किया है। इसमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के कर्मचारियों का समायोजन को लेकर नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा गया है। 18 जुलाई 2025 को रज्जू परिपगार ने केंद्री मंत्री नितीन गडकरी को फिर से पत्र देकर अपनी आपबीती लिखकर दी है। इसके बाद 20 जुलाई 2025 को केंद्रीय मंत्री ने फिर से स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर को नियमानुसार कार्यवाही करने पत्र दिया। 18 अगस्त 2025 को राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर को नियमानुसार कार्यवाही करने पत्र दिया।

Created On :   5 Dec 2025 8:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story