- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जीजा-साले की ठग जोड़ी ने लगाया...
Nagpur News: जीजा-साले की ठग जोड़ी ने लगाया करोड़ों का चूना, खरीदी-बिक्री की आड़ में फर्जीवाड़ा

- इमामवाड़ा थाने में शुक्रवार को प्रकरण दर्ज
- इंडस्ट्रियल फ्यूल ऑयल के कारोबार में अच्छी कमाई
Nagpur News. जीजा साले की ठग जोड़ी ने व्यापारी को करोड़ो रुपए का चूना लगाया है। घटित प्रकरण इंडस्ट्रियल फ्यूल ऑयल खरीदी-बिक्री की आड़ में अंजाम दिया गया। तीन आरोपियों के खिलाफ इमामवाड़ा थाने में शुक्रवार को प्रकरण दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी होना बाकी है। नंदनवन निवासी अशोक रामेश्वरलाल अग्रवाल (59) किसान हैं। घटना 7 नवंबर 2019 से 1 मई 2024 के दरमियान घटित हुई है। दरअसल अशोक का परिचित जगदीश किसनलाल शर्मा (45) ने बताया था कि इंडस्ट्रियल फ्यूल ऑयल के कारोबार में अच्छी कमाई है। उसने यह भी बताया था कि उसका साला धीरज वर्मा (भिलाई, छत्तीसगढ़) निवासी यह काम करता है। वहां पर उसकी मधु केमिकल्स नाम से कंपनी है। उसने अपने साले से मुलाकात भी कराई। उनकी बातों में आकर अशोक ने मौजा कापसी स्थित मां उमिया इंडस्ट्रियल एरिया में खुद की ए.आर.केमिकल्स नाम से कंपनी डाली। इसमें वह इंडस्ट्रियल फ्यूल ऑयल का उत्पादन करता था। इसके लिए धीरज से कच्चा माल खरीदी किया। माल तैयार होने के बाद नागपुर में अशोक को इंडस्ट्रियल ऑयल बेचने में बहुत कठिनाई हुई। करोड़ों की लागत से माल तैयार तो किया, लेकिन उसे खरीदने वाले अशोक को नहीं मिल रहे थे। उसके ऑयल से भरे टैंकर कंपनी में ही खड़े रहने लगे थे।
मदद मांगी, मिली परेशानी
उसने अपनी परेशानी जगदीश और धीरज को बताई और माल बेचने में मदद करने को कहा। उन्होंने अशोक का माल भिलाई के ही जी.एम.कंपनी को बेच तो दिया, लेकिन अशोक को उसके पैसे नहीं मिले। वह बार-बार जगदीश और धीरज से पूछता था, पर वह टालमटोल जवाब देते थे। उसके बाद अशोक ने खुद मामले की पड़ताल की तो पता चला कि धीरज ने अपने पिता गोपीलाल की ही कंपनी जी.एम. को माल बेचा है, जिसकी कीमत 2 करोड़ 1 लाख 60 हजार 340 रुपए थी। इस प्रकार आरोपी जगदीश, धीरज और गोपीलाल ने सुनियोजित तरीके से करोड़ो की ठगी को अंजाम दिया। उनके खिलाफ शुक्रवार को प्रकरण दर्ज किया गया है।
Created On :   5 Oct 2025 6:00 PM IST