Nagpur News: नागपुर – पुणे वंदे भारत ट्रेन का भव्य शुभारंभ एक ऐतिहासिक पल, शानदार सफर की शुरुआत

नागपुर – पुणे वंदे भारत ट्रेन का भव्य शुभारंभ एक ऐतिहासिक पल, शानदार सफर की शुरुआत
  • बच्चों और यात्रियों में उत्साह
  • उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया
  • ट्रेन 12 अगस्त से नियमित रूप से चलेगी

Nagpur News. रविवार की सुबह नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 पर उत्साह और उमंग का अनोखा माहौल था। सुबह की पहली किरण के साथ ही यहां चहल-पहल शुरू हो गई थी। फूलों और गुब्बारों से सजा प्लेटफॉर्म किसी उत्सव स्थल की तरह नजर आ रहा था। शहर के विभिन्न स्कूलों से छोटे-छोटे बच्चे अपने शिक्षकों के साथ इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने पहुंचे थे।

पुलिस का कड़ा बंदोबस्त और बढ़ती भीड़ इस बात का संकेत थे कि कुछ विशेष होने वाला है। सुबह 9 बजे तक प्लेटफॉर्म पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर कोई उस चमचमाती वंदे भारत ट्रेन की एक झलक पाने को बेताब था, जो पहली बार नागपुर से पुणे के लिए रवाना होने जा रही थी।

ठीक 10 बजे, जैसे ही फूलों और गुब्बारों से सजी वंदे भारत ट्रेन प्लेटफॉर्म पर धीरे-धीरे प्रवेश करने लगी, लोगों की तालियों और जोशीले नारों ने वातावरण को और जीवंत कर दिया। बच्चे खुशी से उछल रहे थे और बड़ों के चेहरों पर गर्व की चमक साफ झलक रही थी।

भीड़ में अधिकांश लोग इस नई ट्रेन से यात्रा करने वाले थे। कुछ पहली बार हाई-स्पीड ट्रेन का अनुभव लेने को उत्सुक थे, तो कुछ के लिए यह यात्रा सुविधा और गर्व का प्रतीक थी। सुबह 11 बजे तक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, विधायक कृष्णा खोपड़े सहित कई गणमान्य व्यक्तियों का आगमन हो चुका था, जिससे समारोह की भव्यता और बढ़ गई।

ऐतिहासिक क्षण: ट्रेन को हरी झंडी

ठीक 11:30 बजे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नागपुर–पुणे वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। जैसे ही ट्रेन ने अपनी पहली यात्रा शुरू की, प्लेटफॉर्म पर मौजूद हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई। यह क्षण न केवल नागपुर, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक बन गया।

यात्रियों की जरूरतों का समाधान

नागपुर और पुणे के बीच यात्रियों की संख्या, विशेषकर त्योहारों के समय, हमेशा अधिक रही है। होली, दिवाली जैसे अवसरों पर ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी के कारण यात्रियों को भारी कीमत चुकानी पड़ती है। एसटी बसें और कुछ अन्य ट्रेनें इस भीड़ को संभालने में नाकाफी साबित होती हैं।

इन समस्याओं को देखते हुए रेलवे ने नागपुर–पुणे वंदे भारत सीटर ट्रेन की शुरुआत की है, जो यात्रियों के लिए एक वरदान साबित होगी। यह ट्रेन 12 अगस्त से नियमित रूप से चलेगी और यात्रियों को तेज, आरामदायक और किफायती सफर का विकल्प प्रदान करेगी।

बच्चों और यात्रियों में उत्साह

  • उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई बच्चे इस ट्रेन की पहली यात्रा में शामिल हुए। उनकी उत्सुकता देखते ही बन रही थी।
  • एक बच्चे ने उत्साहित होकर कहा, मैं पहली बार इतनी तेज ट्रेन में सफर कर रहा हूं, जबकि उसके साथी गुब्बारों के साथ तस्वीरें लेने में मस्त थे।
  • बड़ों में भी गजब का उत्साह था। एक यात्री ने कहा, "यह ट्रेन न केवल समय बचाएगी, बल्कि त्योहारों में घर जाने की चिंता भी खत्म कर देगी।"

एक नई शुरुआत

नागपुर–पुणे वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ केवल एक रेल सेवा की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह आधुनिक भारत की प्रगति और तकनीकी विकास का प्रतीक भी है। यह ट्रेन न केवल आरामदायक सफर प्रदान करेगी, बल्कि दोनों शहरों के बीच की दूरी को भी और करीब लाएगी। ट्रेन के रवाना होते समय प्लेटफॉर्म पर मौजूद सभी ने तालियां बजाकर इस नई शुरुआत का स्वागत किया।

इस तरह चलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 26101 — पुणे–अजनी वंदे भारत एक्सप्रेस

  • 11 अगस्त से सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) पुणे से सुबह 06:25 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन शाम 06:25 बजे अजनी पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 26102 — अजनी–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस

  • 12 अगस्त से सप्ताह में 6 दिन (सोमवार को छोड़कर) अजनी से सुबह 09:50 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 09:50 बजे पुणे पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान यह ट्रेन वर्धा, बडनेरा, अकोला, शेगांव, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहमदनगर और दौंड कॉर्ड लाइन पर रुकेगी। इसमें 1 एक्जीक्यूटिव चेयर कार और 7 चेयर कार सहित कुल 8 कोच होंगे, जिनमें 590 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।

Created On :   10 Aug 2025 7:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story