Nagpur News: मनपा चुनाव ,अंतिम प्रभाग रचना के बाद शहर में हलचल तेज

मनपा चुनाव ,अंतिम प्रभाग रचना के बाद शहर में हलचल तेज
अब आरक्षण प्रक्रिया बूथ रचना का इंतजार

Nagpur News महानगरपालिका चुनावाें के लिए शनिवार को अंतिम प्रभाग रचना प्रकाशित होने के बाद इस सप्ताह शहर में बूथ रचना और आरक्षण प्रक्रिया के निर्धारण के लिए मनपा प्रशासन की बैठक होने की संभावना है। हालांकि आरक्षण प्रक्रिया में भी साल 2017 के मुताबिक ही निर्धारण होने की उम्मीद है। राज्य चुनाव आयोग से अब तक मनपा प्रशासन को काेई भी निर्देश नहीं मिला है। ऐसे में सप्ताह भर में आरक्षण और बूथ रचना को लेकर आंतरिक प्रक्रिया पूरी होने की संभावना बन गई है।

38 प्रभागों के लिए चुनाव : शहर में साल 2017 की प्रभाग रचना के अनुरूप 38 प्रभागों के लिए चुनाव होंगे। इनमें से 37 प्रभागों से चार-चार सदस्य चुने जाएंगे, जबकि एक प्रभाग में तीन सदस्य होंगे। कुल 151 निर्वाचित नगरसेवक और पांच मनोनीत सदस्य के साथ कुल सदन संख्या 156 होगी।

मतदाताओं की संख्या बढ़ी : पिछले साल संपन्न विधानसभा चुनावों के बाद शहर में करीब 1 लाख 1 हजार 236 मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। विधानसभा चुनावों में 23,93,014 मतदाता थे, अब संख्या बढ़कर 24,84,250 हो गई है। इसमें से शहर में 12,26,488 पुरुष, 12,57,560 महिला और 256 अन्य मतदाताओं का समावेश हैं।

यशवंत स्टेडियम में स्ट्रांग रूम : मतदान प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 3,470 कंट्रोल यूनिट और 13,880 बैलेट यूनिट की तैनाती राज्य निर्वाचन आयोग से की जा रही है, लेकिन मनपा प्रशासन ने 1 कंट्रोल यूनिट पर 3 से 4 बैलेट यूनिट की मांग की है। हालांकि अब तक अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। यशवंत स्टेडियम में ईवीएम की सुरक्षा के लिए एक स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा।

18,000 कर्मचारियों की आवश्यकता : मनपा के निर्वाचन कक्ष के मुताबिक आगामी मनपा चुनाव के लिए करीब 18,000 कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। साल 2017 के चुनाव में शहर में मतदान केंद्र संख्या 2,783 थी, लेकिन आबादी बढ़ने से अब शहर में 3,185 बूथ तैयार किए जाएंगे। वहीं साल 2017 की 2700 बूथ संख्या में भी बढ़ोतरी कर 3000 करने का प्रयास हाे रहा है।

आरक्षण और बूथ रचना पर अभी फैसला नहीं : राज्य निर्वाचन आयोग से मंजूरी के बाद अंतिम प्रभाग संरचना को प्रकाशित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद ही बूथ संरचना और आरक्षण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। -विजया बनकर, अतिरिक्त आयुक्त, मनपा

Created On :   6 Oct 2025 11:57 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story