- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनपा के हाजरी रजिस्टर में दर्ज की...
Nagpur News: मनपा के हाजरी रजिस्टर में दर्ज की उपस्थिति, काम से 92 कर्मचारी गायब

- अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने किया औचक निरीक्षण
- 1-1 हजार जुर्माना और आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश
Nagpur News मनपा की अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने लगातार दूसरे दिन मंगलवार को सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया कि, गांधीबाग जोन के वार्ड-19 चिटणीस पार्क हाजरी स्टैंड से 82 कर्मचारी तथा लक्ष्मीनगर जोन के वार्ड-36 में 10 सफाई कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के गायब थे।
अतिरिक्त आयुक्त ने बिना इन दोनों जोन के कुल 92 सफाई कर्मचारियों पर 1-1 हजार रुपए का जुर्माना लगाने तथा आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश जोन अधिकारियों को दिए हैं। मानसून पूर्व शहर में समुचित के लिए मनपा प्रशासन ने काम करना शुरू कर दिया है। अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने शहर के विभिन्न जोन का दौरा कर सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का निरीक्षण किया।
गांधीबाग जोन के चिटणिस पार्क हाजरी स्टैंड से अनुपस्थित पाए गए 82 कर्मचारियों को भविष्य में बिना पूर्व सूचना दिए अनुपस्थित नहीं रहने की चेतावनी दी जाएगी। औचक निरीक्षण में पाया गया कि, 12 कर्मचारियों ने छुट्टी के लिए आवेदन किया था। पंत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, इन कर्मचारियों की छुट्टी स्वीकृत हुई या नहीं, इसकी जांच की जाए। उपायुक्त राजेश भगत को उन्होंने इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक रोशन नानेटकर, स्वच्छता जमादार गणेश ग्रावकर उपस्थित थे।
वार्ड-36 में भी 10 सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले : अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने सुबह लक्ष्मी नगर जोन के वार्ड-36 में भी हाजरी स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। स्टैंड पर स्वच्छता निरीक्षक दिनकर गजभिये, स्वच्छता जमादार निसार शेख और सतीश मलिक उपस्थित थे। स्टैंड पर कुल 46 कर्मचारी उपस्थित थे। यहां बिना कोई पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले 10 कर्मचारियों पर वसुमना पंत ने 1000 रुपए का जुर्माना लगाने तथा अवकाश पर गए 7 कर्मियों की छुट्टी स्वीकृत हुई है या नहीं, इसकी जांच करने के निर्देश दिए।
Created On :   18 Jun 2025 4:02 PM IST