- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मतों के हेर-फेर में कुलकर्णी हैं...
Nagpur News: मतों के हेर-फेर में कुलकर्णी हैं सूत्रधार, नार्को टेस्ट कराएं

- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का आरोप
- भाजपा व मोदी सरकार पर केवल बोलते रहने की राजनीति करने का आरोप
Nagpur News विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर कांग्रेस का चुनाव आयोग पर हमला जारी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मतों की हेराफेरी का आरोप दोहराते हुए कहा है कि इस मामले में राज्य के अतिरिक्त चुनाव आयुक्त किरण कुलकर्णी सूत्रधार हैं। कुलकर्णी का नार्को टेस्ट कराया जाए। उन्होंने भाजपा व मोदी सरकार पर केवल बोलते रहने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के संगठन के माध्यम से केन्द्र सरकार के 11 साल का लेखा-जोखा पेश करने की मांग की। सोमवार को नागपुर में सपकाल ने पत्रकारों से चर्चा की।
सत्यता की जांच हो : उन्होंने कहा-विधानसभा चुनाव के लिए शाम 5 बजे 8.74 प्रतिशत मतदान कैसे बढ़ा? शाम 6 बजे के बाद 74 लाख मतदान कैसे बढ़ा? यह खुला रहस्य है। यह बात छिपी नहीं है कि चुनाव आयोग, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के निर्देश के अनुसार काम करता है। किरण कुलकर्णी अब भी कार्यरत हैं। देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनने वाले थे। पहले भी प्रमाण के साथ चुनाव आयोग से शिकायत की गई थी। राहुल गांधी ने भी संसद में कहा है कि इस मामले में राजनीति न करते हुए सत्य की जांच करना चाहिए। लेकिन हमने जांच की मांग की तो चुनाव आयोग ने नियम बदल दिए। इससे आयोग की भूमिका संदिग्ध लगती है।
पेट्रोल भाव व लोकपाल का क्या हुआ : भाजपा व मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए सपकाल ने कहा-अण्णा हजारे व रामदेव बाबा ने भाजपा के लिए कांग्रेस के विरोध में आंदोलन किया था। अब वे बताएं कि पेट्रोल का भाव कम करने व लोकपाल लाने के मामले का क्या हुआ। मराठी कहावत ‘बोलाचीच कढ़ी, बोलाचाच भात’ के साथ सपकाल ने कहा कि भाजपा व मोदी सरकार केवल बोलने का काम करती है। हैपी इंडेक्स, बेरोजगारी, गरीबी के विषय पर नहीं बोला जाता है। लोगों के खाते में 15 लाख रुपये, 2 करोड़ रोजगार के वादे को भूला दिया गया है।
स्थानीय नेता लेंगे गठबंधन का निर्णय : मनपा, जिप सहित अन्य स्थानीय निकाय संस्थाओं के चुनाव को लेकर सपकाल ने कहा-हम पहले ही कह चुके हैं कि इन चुनावों में गठबंधन के संबंध में स्थानीय नेता ही निचले स्तर पर निर्णय लेंगे। राकांपा के दो गुटों में विलय की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि शरद पवार क्या निर्णय लेंगे, यह उनका विषय है, जो हमारे साथ रहेंगे उन्हें साथ लेकर भाजपा के विरोध और संविधान के संरक्षण में हम आगे बढ़ते रहेंगे। उद्धव ठाकरे व राज ठाकरे के बीच भेंट की चर्चाएं सुनी जा रही हैं। भेंट के बारे में दोनों भाई ही अच्छे से बता सकते हैं। राज्य में फसल कर्ज, खाद-बीज की समस्या के मुद्दे को दरकिनार किया जा रहा है।
Created On :   10 Jun 2025 1:03 PM IST