- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- न बैंड - बाजा, न फिजूल खर्च - बस...
Nagpur News: न बैंड - बाजा, न फिजूल खर्च - बस दोनों ने वचन लिए और हो गई शादी

- सत्यशोधक पद्धति से विवाह, दिया सामाजिक संदेश
- पत्रिका में संविधान की प्रस्तावना
Nagpur News. आजकल शादी एक भव्य इवेंट बन गया है। लाखों-करोड़ों का खर्च होता है। वहीं एक जोड़े ने सत्यशोधक पद्धति से विवाह कर समाज में परिवर्तन की पहल की है। यह विवाह पद्धति महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले द्वारा अपने जमाने में किए गए प्रयोगों पर आधारित है। इसका उद्देश्य जाति-धर्म के बंधनों से मुक्त, समतावादी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित विवाह को बढ़ावा देना है। डेढ़ सौ साल पहले शुरू हुए समतावादी विचार को इस जोड़े ने आगे बढ़ाते हुए महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिया है।
प्रतिज्ञा दिलाई
इस समतावादी जोड़े का नाम भारती और राजू केंद्रे है। रविवार को सुबह 11 बजे गोरेवाड़ा रोड, पिठेसूर स्थित एकलव्य सत्यशोधक यूथ रिसोर्स सेंटर में यह सत्यशोधक विवाह संपन्न हुआ। याद रहे, तेजस और दिव्या ने तीन साल पहले 3 जनवरी यानी सावित्रीबाई फुले की जयंती दिवस पर सत्यशोधक पद्धति से विवाह किया था। इस दम्पति ने ही भारती और राजू को सत्यशोधक विवाह की प्रतिज्ञा दिलाई।
संस्था का यह है उद्देश्य
राजू केंद्रे का जन्म बुलढाणा जिले के लोणार तालुका के पिंपरी खंडारे नामक छोटे से गांव में एक आदिवासी किसान परिवार में हुआ था। वे अपने परिवार में पहली पीढ़ी के शिक्षित व्यक्ति हैं। राजू केंद्रे ने 2017 में एकलव्य इंडिया फाउंडेशन इस संस्था की स्थापना की, जो विशेष रूप से पहली पीढ़ी के ग्रामीण और आदिवासी छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद करती है। अब तक इस संस्था ने 1700 से अधिक छात्रों को देश-विदेश में नामी विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए मदद की है। भारती ने भी एकलव्य इंडिया फाउंडेशन से ही उच्च शिक्षा का मार्गदर्शन लेकर लंदन से अपनी पढ़ाई पूरी है।
पत्रिका में संविधान की प्रस्तावना
विवाह में शामिल लोगों को एक पत्रिका दी गई थी। पत्रिका के लिफाफे के ऊपर "सत्यशोधक विवाह समारंभ भारती-राजू' उल्लेखित था। इसके अंदर एक तरफ भारतीय संविधान की प्रस्तावना थी, वहीं दूसरी तरफ सत्योधक विवाह प्रतिज्ञा लिखी गई थी। परिसर में परिवर्तनवादी महापुरुषों के होर्डिंग्स भी लगाए थे। इस समारोह में उपस्थित लोगों ने समतावादी समाज निर्माण के लिए कटिबद्धता व्यक्त की।
Created On :   9 Jun 2025 7:33 PM IST