- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर पुलिस का इंदौर के कॉल सेंटर...
Nagpur News: नागपुर पुलिस का इंदौर के कॉल सेंटर पर छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार

- अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था गिरोह
- निवेश के नाम पर देश भर में करीब 200 लोगों को लगाया चूना
Nagpur News नागपुर पुलिस की साइबर टीम ने इंदौर के कॉल सेंटर पर छापा मारा है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया है। बुधवार को अदालत में पेश कर उन्हें पुलिस रिमांड में लिया गया है। घटित प्रकरण से आरोपियों द्वारा देश भर में सैकड़ों लोगों को ठगने के मामले का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील प्रतापसिंह राजपूत (28) अभिषेक चंद्रकांत गुप्ता (35) और बंटी उर्फ विहान कलमचंद सोलंकी (30) तीनों मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी हैं।
आरोपियों ने वहां पर कॉल सेंटर खोला था। जिसमें करीब 25 कर्मचारी काम करते थे। उसमें महिला व युवतियों की संख्या ज्यादा है। उनसे कॉल करवाकर आरोपियों ने देश भर में करीब 200 से भी ज्यादा लोगों को निवेश का झांसा देकर उनके साथ करोड़ों की ठगी का दावा किया जा रहा है। 5 मार्च 2024 को आरोपी अभिषेक और कॉल सेंटर कर्मी रिया ने विदर्भ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पांचपावली निवासी राजेश डोंगरे (55) को फोन किया।
अल्गो ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर 24.75 प्रतिशत लाभ मिलने का झांसा दिया। उसके लिए उसको कंपनी की दर्जन भर विविध योजनाओं के लाभ का प्रकार बताया। शुरुआती दौर में राजेश ने 1 लाख रुपए निवेश करने की तैयारी दर्शाई थी। लेकिन झांसे में आने से उसने करीब 12 लाख 43 हजार 693 रुपए का निवेश किया। उसके बदले में सेबी व एग्रीमेंट के फर्जी दस्तावेज ई-मेल किए। इस बीच आरोपी के खाते में ऑन लाइन लाभ होना दिखाया जा रहा था। चाहकर भी वह रकम निकाल नहीं पा रहा था। इस कारण उसने आरोपियों से निकालने की बात की तो जीएसटी सहित आदि शुल्क बताए गए। जिससे परिचित शुभम सेंगर के खाते से आरोपियों को ट्रांसफर की। इस तरह से झांसे में लेकर कई लोगों को 63 लाख 17 हजार 857 रुपए से चूना लगाया गया है।
लाखों का माल जब्त : खुद को ठगे जाने का एहसास होने से राजेश ने साइबर थाने में प्रकरण दर्ज कराया। प्रारंभिक जांच पड़ताल के दौरान आरोपियों के खाते फ्रिज किए गए। ट्रांजेक्शन से यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने का पता चला। इसके बाद मंगलवार को कॉल सेंटर पर छापा मारा गया। कम्प्यूटर, लेपटाप,मोबाइल आदि सहित कुल 14 लाख 55 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है।
Created On :   14 May 2025 2:41 PM IST