- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- संघ के बारे में गलत बात करने वाले...
Nagpur News: संघ के बारे में गलत बात करने वाले एक्सपोज हो गए
Nagpur News सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जाने व विविध स्तर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अालोचना को लेकर संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने विरोधियों को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि संघ के बारे में गलत बात करने वाले एक्सपोज हो गए हैं। संघ को हर क्षेत्र से समर्थन मिल रहा है। इस समर्थन से संकेत भी मिल रहा है। संघ पूरे समाज को एक ही रूप में देखता है।
यह भी पढ़े -Crime graph of Nagpur: प्रतिबंधित तंबाकू, कैंची घोंपकर युवक की हत्या, दंपति पर भी जानलेवा हमला
लोगों से सीधी बात होगी
संघ के विजयादशमी उत्सव के संबंध में सोमवार को हेडगेवार स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता में आंबेकर बोल रहे थे। संघ के विदर्भ प्रात संघचालक दीपक तामशेट्टीवार, महानगर संघचालक राजेश लोया उपस्थित थे। आंबेकर ने कहा कि संघ को लेकर लोगों के पास काफी जानकारी है। गृह संपर्क अभियान और हिंदू सम्मेलन के माध्यम से संघ कार्यकर्ता लोगों से संघ के बारे में सीधी बात करेंगे। इससे लोगों को संघ के बारे में जानने का मौका मिलेगा। संघ के शताब्दी वर्ष में वर्ष भर विविध कार्यक्रम होंगे। इनमें समाज के प्रत्येक घटक की भागीदारी रहेगी। उन्हाेंने कहा कि संघ, सामाजिक परिवर्तन के कार्यों को गति दे रहा है। भारत को कालोनाइज्ड अर्थात उपनिवेशित मुक्त बनाना है।
हिंदू समाज संगठित हो
नेपाल में तख्ता पलट के सवाल पर सीधा जवाब टालते हुए आंबेकर ने कहा कि हिंदू समाज के सशक्तिकरण से कई समस्याएं दूर होगी। हिंदू समाज का सशक्तिकरण केवल भारत तक सीमित नहीं है। संपूर्ण विश्व को दु:ख से मुक्त करने का दृष्टिकोण है। विश्व में षड़यंत्र चल रहा है, उसके प्रत्युत्तर के लिए हिंदू समाज का संगठित व सजग होना आवश्यक है। संघ कार्य का उद्देश्य है कि कोई भी देश, समाज में संकट न हो। विश्व का कोई भी समाज दुखी न हो। ट्रंप-टैरिफ मामले पर कहा कि आत्मनिर्भर होंगे, तो बाहरी दबाव का परिणाम नहीं होगा।
शाखा विस्तार
संघ की शाखाओं का विस्तार 3 वर्ष में तेजी से हुआ है। इसी वर्ष मार्च की तुलना में शाखाओं की संख्या काफी बढ़ी है। देश में 8300 शाखाएं हैं। 32 हजार साप्ताहिक मिलन केंद्र है। सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत ने पिछले दिनों दिल्ली में संवाद किया। 7-8 नवंबर को बंगलुरु, 21 दिसंबर को कोलकाता और 6-7 फरवरी 2026 को मुंबई में सरसंघचालक का संवाद कार्यक्रम होगा। सरसंघचालक डॉ.भागवत के अलावा सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले वर्ष भर प्रवास करेंगे। विविध स्थानों पर सभाएं होंगी।
विजयादशमी उत्सव की तैयारी
संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की शुरुआत नागपुर में 2 अक्टूबर को मुख्य विजयादशमी उत्सव के साथ होगी। इसके लिए बड़ी तैयारी की जा रही है। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का विशेष मार्गदर्शन होगा। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर के मीडिया प्रतिनिधि रहेंगे। रेशमबाग मैदान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। पहले 7000 कार्यकर्ता सहभागी होते रहे। अब 3 गुणा कार्यकर्ताओं के सहभागी होने की अपेक्षा है। विशेष अतिथियों में लेफ्टिनेेंट जनरल राणाप्रताप कलिता, डेक्कन समूह से केवी कार्तिक, बजाज समूह के संजीव बजाज के अलावा दूसरे देशों के गणमान्य रहेंगे। इनमें घाना, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, थाईलैंड, यूएसए, यूके के अलावा अन्य देशों के गणमान्यों का समावेश है। 27 सितंबर को पथ संचलन होगा। यशवंत स्टेडियम, कस्तूरचंद पार्क व हॉकी मैदान में शाम 7 बजे पथ संचलन आरंभ होगा। 7.45 बजे वेरायटी चौक पर पथ संचलन का अवलाेकन सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। 28 सितंबर को शिशु व 5 अक्टूबर को बाल स्वयंसेवकों का उत्सव होगा।
1926 में पहला पथ संचलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के संबंध में डॉ. केशव हेडगेवार के महल परिसर के घर में बैठक हुई थी। पहली बैठक में 17 कार्यकर्ता थे। 17 अप्रैल 1926 को बैठक में अलग-अलग नामों पर विचार कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नाम तय किया गया। 28 मई 1926 को पहली शाखा मोहिते वाड़ा महल में हुई। मोहिते वाडा ही अब संघ मुख्यालय है। 1926 में संपूर्ण गणवेश में पहला पथ संचलन हुआ। मोहिते वाडा से राजाबाक्षा मंदिर हनुमान नगर तक पथ संचलन हुआ था। राजाबाक्षा में मंदिर में हनुमानजी के दर्शन करके ही तत्कालीन भोसले राजा अपने महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत करते थे। पहले संघ का विजयादशमी उत्सव मोहित वाडा में होता था। बाद में पटवर्धन मैदान, यशवंत स्टेडियम व कस्तूरचंद पार्क में होने लगा। 1995 से विजयादशमी उत्सव रेशमबाग मैदान में मनाया जाता है। इस बार िवजयादशमी उत्सव में प्रदक्षिणा संचलन, योग प्रात्यक्षिक, नियुद्ध और घोष प्रात्यक्षिक होंगे। विजयादशमी उत्सव के लिए रेशमबाग मैदान में पास 16 से अधिक स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
Created On :   23 Sept 2025 11:25 AM IST