- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विधान भवन की विस्तारित इमारत...
Nagpur News: विधान भवन की विस्तारित इमारत पर्यावरण अनुकूल हो : एड. नार्वेकर

- राजस्थान की तर्ज पर संग्रहालय स्थापित करने पर भी विचार
- अब अगली बैठक 25 को मुंबई में
Nagpur News विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर ने विधान भवन का विस्तार करते समय पर्यावरण अनुकूल और नियोजन पर जोर देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस संबंध में अगली बैठक 25 जून को मुंबई में होगी। विधान भवन की विस्तारित इमारत के निर्माण और भूमि अधिग्रहण के संबंध में गुरुवार को विधान भवन में एड. नार्वेकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में महाराष्ट्र राज्य बुनियादी विकास महामंडल (एमएसआईडीसी) के प्रबंध निदेशक ब्रिजेश दीक्षित, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दिनेश नंदनवार, अधीक्षक अभियंता जनार्दन भानुसे, कार्यकारी अभियंता अभिजीत कुचेवार, उपकार्यकारी अभियंता संजय उपाध्ये, शाखा अभियंता संदीप चाफले व एमएसआईडीसी के अधिकारी उपस्थित थे।
सड़कें चौड़ी होनी चाहिए :उन्होंने कहा कि, विधान भवन की हेरिटेज इमारत को कायम रखते हुए इसके अतिरिक्त उपलब्ध जगह के प्रस्तावित निर्माण की जानकारी प्रस्तुत की जानी चाहिए। विधान भवन परिसर में प्रस्तावित निर्माण करते समय पर्याप्त मात्रा में पेड़ लगाकर उसे पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया जाना चाहिए। सड़कें चौड़ी होनी चाहिए। मानसून सत्र से पहले 25 जून को मुंबई में एक बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। राजस्थान विधानसभा में एक संग्रहालय स्थापित किया गया है। इसी तर्ज पर यहां एक संग्रहालय स्थापित किया जा सकता है। इस पर विचार किया जाएगा। इसी तरह एफएसआई और पुरातत्व विभाग की अनुमति के बारे में भी अगली बैठक में जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद विधान सभा अध्यक्ष एड. नार्वेकर ने विधान भवन के दोनों सभागृह, मंत्रियों के कक्ष आैर परिसर का दौरा कर जरूरी निर्देश दिए।
कलेक्टोरेट में 2 माह से काम बंद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का काम एमएसआईडीसी को मिला है। कलेक्टोरेट में जी-प्लस 12 मंजिला इमारत का काम एमएसआईडीसी को मिला है आैर लगभग 2 महीने से काम बंद पड़ा है। यहां किए गए बड़े-बड़े गड्ढों में बरसाती पानी जमा रहता है। अभी तक निर्माणकार्य शुरू नहीं होने से यह प्रोजेक्ट तय समय मेें पूरा होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
Created On :   6 Jun 2025 5:06 PM IST