- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आदिवासी की जल, जंगल, जमीन खतरे में...
Nagpur News: आदिवासी की जल, जंगल, जमीन खतरे में , पेसा एक्ट पर नेताम ने जताई चिंता

- पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम ने संघ के कार्यकर्ता प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम में कहा
- छत्तीसगढ़ में 25 साल में बने सभी इंडस्ट्रियल लाइसेंस फर्जी हैं
Nagpur News आदिवासी समाज की समस्याओं का जिक्र करते हुए पूर्व केेंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम ने दावा किया है कि, छत्तीसगढ़ में 25 वर्ष में बनाए गए सभी इंडस्ट्रियल लाइसेंस फर्जी हैं। उन्होंने कहा- राज्य में सरकारें बदलती रहीं, लेकिन आदिवासियों की स्थिति नहीं बदली। सरकारें केवल एक-दूसरे को दोष देती रही हैं। आदिवासियों के संरक्षण के लिए बनाए गए पेसा एक्ट पर कहीं भी अमल नहीं हो रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग-2 के समापन समारोह में बतौर प्रमुख अतिथि नेताम बोल रहे थे।
समाज विकास के लिए संघ से संपर्क बढ़ा रहा हूं : इंदिरा गांधी व राजीव गांधी के नेतृत्व की सरकार में मंत्री रहे नेताम ने कहा- मेरा संघ से संबंध नहीं रहा है, लेकिन समाज विकास के कार्यों के लिए संघ से संपर्क बढ़ा रहा हूं। आदिवासी समाज संकट में है। औद्योगीकरण का विरोध नहीं है, लेकिन जो चल रहा है उसे देखकर लगता है कि उजड़ने का ठेका आदिवासी ने ही लिया है। आदिवासी की जल, जंगल, जमीन खतरे में है। न्यायालय के आदेश का भी पालन नहीं किया जा रहा है। 1996 में पेसा एक्ट बनाया गया। इस एक्ट का उद्देश्य आदिवासी समाज की प्रशासन व पंचायत व्यवस्था में भागीदारी बढ़ाना है। आदिवासी समाज के रीति-रिवाज के अनुसार प्रशासन कार्य का सशक्त बनाना है, लेकिन एक भी राज्य सरकार ने पेसा कानून का अमल नहीं किया है।
आदिवासी की जमीन लीज पर लेना चाहिए : उन्होंने कहा- विकास कार्यों के लिए आदिवासी की जमीन अधिगृहीत करने के बजाय लीज पर लेना चाहिए। विकास योजनाओं में आदिवासियों की भागीदारी होना चाहिए। आदिवासी को धर्मांतरण व नक्सलवाद के प्रभाव से बचाने के लिए भी ठोस उपायोजना की आवश्यकता है। नक्सलवादियों पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन सरकार ऐसी कार्ययोजना बनाए कि नक्सल समस्या पुनर्जीवित न हो।
खास बातें : समारोह में मंच पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के अलावा प्रमुख अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, वर्ग सर्वाधिकारी समीर कुमार महांती, विदर्भ प्रांत संघचालक दीपक तामशेट्टीवार, महानगर संघचालक राजेश लोया उपस्थित थे।
अतिथि दीर्घा में राष्ट्रसेविका समिति की प्रमुख संचालिका शांताक्का, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, जाने माने उद्यमी सत्यनारायण नुवाल के अलावा अमेरिका के बिल शस्टर पूर्व अध्यक्ष हाउस ट्रांसपोर्टेशन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी, बॉब शस्टर सार्वजनिक नीति मामलों के वकील, ब्रैडफोर्ड एलिसन, प्रो.वाल्टर रसेल मीड स्तंभकार, बिल ड्रेक्सेल द वाशिंगटन पोस्ट सहित अन्य अखबाराें स्तंभकार का समावेश था। दर्शक दीक्षा में भाजपा के पूर्व संगठन महासचिव संजय जोशी थे।
प्रशिक्षणार्थियों ने कौशल कला का प्रदर्शन किया। बताया गया कि वर्ग में 840 प्रशिक्षार्थी थे। इनमें वकील, पत्रकार, किसान, सीए से लेकर विविध क्षेत्र के कार्यकर्ता थे। स्नात्तकोत्तर पढ़ाई कर चुके प्रशिक्षणार्थी की संख्या अधिक थी। इनके अलावा 5 पीएचडी शिक्षा प्राप्त प्रशिक्षणार्थी थे। 11 मई को प्रशिक्षण वर्ग आरंभ हुआ था।
Created On :   6 Jun 2025 4:53 PM IST