Nagpur News: विकास करके भी फल नहीं मिल पाता है, जनसंख्या नियंत्रक विधेयक जरुरी-गडकरी

विकास करके भी फल नहीं मिल पाता है, जनसंख्या नियंत्रक विधेयक जरुरी-गडकरी
  • बोले -हमारा देश विश्व का चौथा अर्थव्यवस्था का देश बन गया है
  • चीन ने भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाए हैं

Nagpur News आर्थिक मामले में जनसंख्या को देश की सबसे बड़ी समस्या ठहराते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा है कि तेजी से बढ़ रही जनसंख्या हर क्षेत्र में विकास को प्रभावित कर रही है। विविध प्रयासों से विकास कार्य करके भी उसका फल नहीं मिल पाता है। जनसंख्या नियंत्रक विधेयक जरुरी हो गया है। चीन ने भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाए हैं। शनिवार को सुरेश भट सभागृह में शहर भाजपा की ओर से गडकरी को विशेष साक्षात्कार कार्यक्रम हुअा। केंद्र में मोदी सरकार के 11 वर्ष विषय पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ.उदय निरगुडकर के प्रश्नों पर गडकरी ने विकास योजनाओं व प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। इसी दौरान उन्होंने कहा- हमारा देश विश्व का चौथा अर्थव्यवस्था का देश बन गया है। लेकिन प्रति व्यक्ति आय में मामले में हम काफी पीछे हैं। हमारा सारा विकास हो रहा है। परंतु हमारे लोग इतनी जनसंख्या बढ़ा रहे हैं कि विकास में समस्या आती है। जनसंख्या नियंत्रण का विषय धार्मिक या लैंगिक नहीं बल्कि आर्थिक है। मुंबई में 55 उड़ानपुल निर्माण किए गए। लेकिन यातायात समस्या कायम है। वाहनों की संख्या 10 गुणा बढ़ गई है। प्रश्न यह है कि नई सड़क कहां बनाएं।

हिंदुत्व राजनीति का विषय नहीं : चुनाव तैयारी के तहत भाजपा की ओर से चलाए जा रहे धार्मिक कार्यक्रमों व हिंदुत्व के विषय पर गडकरी ने कहा-हिंदुत्व राजनीति का विषय नहीं है। भगवा धारण कर समाज को परेशान करनेवाले कार्य करना गलत है। हिंदुत्व तो भारतीयता है। यह राजनीति का विषय नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि हिंदुत्व संकुचित नहीं है। यह जीवन पद्धति है। हिंदुत्व विस्तारवादी नहीं बल्कि सर्वसमावेशक है। कांग्रेस के समय हिंदुत्व का अभिप्राय अलग लगाया गया। हिंदू किसी का विरोधी नहीं है। पाकिस्तान ने स्वयं को इस्लामिक राष्ट्र घोषित किया लेकिन भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया है। यहां संविधान का महत्व सर्वोपरि है।

टोल पर चुकाना होगा केवल 15 रुपये : टोल पास की नई व्यवस्था से जुड़े प्रश्न पर गडकरी ने कहा- 3000 रुपये की पास में वर्ष भर यात्रा की योजना कोई जुमला नहीं है। यह वाहनधारकों के लिए राहत देनेवाली योजना है। अब एक टोल पर केवल 15 रुपये चुकाने पड़ेंगे। 3000 रुपये की पास एक वर्ष के िलए है। इसमें 200 ट्रिप यानी 200 टोल पार करने की सुविधा है। अत्याधुनिक सुविधाओं की कीमत चुकानी पड़ती है। टोल मामले में जो निर्णय िलया गया है वह वाहनधारकों के लिए बड़ी राहत देनवाला है।

भाजपा कार्यकर्ता की पार्टी : शिवसेना उद्धव गुट के पूर्व विधायक सुधाकर बडगूजर के भाजपा में प्रवेश को लेकर विवाद पर गडकरी ने कहा-मैं बडगूजर को नहीं जानता हूं। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। मेरी लोकप्रियता हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के कारण है। नागपुर में भाजपा को चुनाव लड़ने व जीतने के लिए काफी तकलीफें सहनी पड़ी। प्रचार के समय कार्यकर्ताओं व उनके वाहनों पत्त्थर फेंके जाते थे। जनआंदोलन के दौरान ऐसा भी समय गुजरा कि जमानत के लिए रुपयों के अभाव में मुझे 3 दिन तक कारागृह में रहना पड़ा। मोदी सरकार के 11 वर्ष पर गडकरी ने कहा-अभी तो न्यूज रील है। असली फिल्म बाकी है। हमारा प्रयास रहेगा कि विदर्भ में किसान आत्महत्या न हो।

Created On :   21 Jun 2025 7:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story