Nagpur News: गड्ढे खोदने वालों ने सीसीटीवी के केबल तोड़ डाले, कई कैमरे हो गए बंद

गड्ढे खोदने वालों ने सीसीटीवी के केबल तोड़ डाले,  कई कैमरे हो गए बंद
  • सुरक्षा प्रणाली हो रही है प्रभावित ः मनपा आयुक्त
  • लेनी होगी पूर्व अनुमति, स्मार्ट सिटी की ओर से एसओपी जारी

Nagpur News शहर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं। कहीं भूमिगत केबल, कहीं नई पाइप लाइन डालने का काम हो रहा है। इसके लिए शहर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे खोदे जा रहे हैं। खुदाई के दौरान नागपुर स्मार्ट सिटी की ओर से लगाए जाने वाले सीसीटीवी के ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंच रहा है। नेटवर्क की केबल तोड़ने से कई जगह के सीसीटीवी बंद हो गए हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावि हो रही है। मनपा आयुक्त व प्रशासन डॉ. अभिजीत चौधरी ने कहा कि ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क खराब होने से सुरक्षा प्रणाली प्रभावित हो रही है। इस संबंध में आयोजित कार्यशाला में ऑप्टिकल फाइबर केबल को आवश्यक सार्वजनिक सेवा घोषित किया गया। शहर के विकास कार्यों में शामिल एजेंसियों को मनपा आयुक्त ने खुदाई कार्य से पहले स्मार्ट सिटी की पूर्व अनुमति लेने के निर्देश दिए हैं।

700 चौराहों पर लगे हैं कैमरे : शहर में ऑप्टिकल फाइबर केबल के बाधित होने की समस्या समाधान के उपाय करने के लिए शुक्रवार को नागपुर स्मार्ट सिटी द्वारा विभिन्न विभागों की कार्यशाला आयोजित की गई थी। मनपा के डॉ. पंजाबराव देशमुख हॉल में हुई कार्यशाला की अध्यक्षता डॉ. चौधरी ने की। आयुक्त ने कहा कि शहर में कानून व व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागपुर सेफ एंड स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 700 चौक में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यह नागपुर की सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसमें फाइबर नेटवर्क कट रहा है। इसे रोकने के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से एसओपी तैयार की गई है। सभी विभागों को अब खुदाई करने से पहले स्मार्ट सिटी से अनुमति लेना जरूरी है। कुछ विभागों ने सुरक्षा राशि भी जमा नहीं की है। नेटवर्क बहाल करने के लिए इसे ठीक करने की जरूरत है।

नियुक्त की गई एजेंसी : आयुक्त ने कहा कि केबल नेटवर्क बहाल करने के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से एजेंसी नियुक्त की गई है। स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधियों व एजेंसी से चर्चा कर खुदाई की जानी चाहिए। कैमरे कानून व्यवस्था और मानसून के दौरान उपयोग किए जाते हैं। स्मार्ट सिटी ने सभी विभागों के लिए एसओपी तैयार की है। सभी विभागों को किसी भी खुदाई शुरू करने से पहले भूमिगत केबल के बारे में जानकारी प्राप्त करना आवश्यक होगा। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, वैष्णवी बी सहित महावितरण, मनपा, बीएसएनएल, महा मेट्रो व अन्य विभागों के मुख्य अधिकारी व कार्यकारी अभियंता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी मनीष सोनी ने किया। महावितरण के मुख्य अभियंता, मनपा की अधीक्षण अभियंता लीना उपाध्याय, स्मार्ट सिटी की कंपनी सचिव भानुप्रिया ठाकुर, महामेट्रो के वरिष्ठ उप परियोजना प्रबंधक, नागपुर सुधार प्रन्यास, एमएसआरडीसी, जिला परिषद और अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Created On :   21 Jun 2025 3:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story