Nagpur News: यशवंत स्टेडियम में हजारों योग साधकों ने की सहभागिता, मनाया विश्व योग दिवस

यशवंत स्टेडियम में हजारों योग साधकों ने की सहभागिता, मनाया विश्व योग दिवस
  • हर घर योग बना वैश्विक आंदोलन
  • दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन योग कक्षा का नया कीर्तिमान

Nagpur News. यशवंत स्टेडियम में 21 जून की सुबह का दृश्य अलौकिक था। सफेद वस्त्रों में हजारों योग साधकों ने एक साथ ‘करा हो नियमित योगासन’ गाना गाते हुए योगाभ्यास किया, तो पूरा परिसर योगमय हो गया। मनपा और जिला प्रशासन द्वारा ‘वन अर्थ, वन हेल्थ, वन योगा’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, विधायक प्रवीण दटके, पुलिस आयुक्त रवींद्र कुमार सिंगल, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी समेत अनेक गणमान्य उपस्थित थे।

संदेश में संकल्प : कार्यक्रम की शुरुआत में योग गीत ‘खेल-खेल में योगासन हम करते हैं’ के साथ विभिन्न आसनों का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नागपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "मिशन थंडर' के तहत नशा मुक्त नागपुर का संकल्प भी दिलाया गया। पुलिस निरीक्षक अनामिका मिर्जापुरे ने यह शपथ दिलाई। जनार्दन योगाभ्यासी मंडल के अध्यक्ष रामभाऊ खंडवे ने योग के नियमित अभ्यास के महत्व को रेखांकित किया।

मानव पिरामिड : नागपुर जिला योग संघ के अनिल मोहगांवकर और संदीप खरे की टीम ने योग के कठिन आसनों और मानव पिरामिड जैसे हैरतअंगेज प्रदर्शनों से दर्शकों का दिल जीत लिया। टीम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल थे। मनपा कर्मचारी भारत डेलिकर को एशियन योगासन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सम्मानित किया।

शहर की एकजुटता : जनार्दन स्वामी योगाभ्यासी समूह, नागपुर जिला योग संघ, आरपीएफ, सीआरपीएफ, एनएचएआई सहित विभिन्न संस्थाओं ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। सुबह 5:30 बजे से ही धंतोली क्षेत्र की सड़कें योग साधकों से भरने लगीं। हर प्रवेशकर्ता पर फूल बरसाए गए। मनपा के जनसंपर्क अधिकारी मनीष सोनी ने पूरे कार्यक्रम का समन्वय किया। खेल अधिकारी डॉ. पीयूष अंबुलकर ने आभार माना।

दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन योग कक्षा का नया कीर्तिमान

भारत के पहले आदत-निर्माण मंच ‘हैबिल्ड' ने 21 जून की सुबह दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन योग कक्षा आयोजित की। इसमें 169 से अधिक देशों के 752074 से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ योग किया। यह आयोजन नागपुर से लाइव स्ट्रीम किया गया। इसे ऑफिसियल वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा प्रमाणित करने का दावा किया गया। इस 45 मिनट के योग सत्र का संचालन संस्था के सह-संस्थापक और प्रमाणित योग प्रशिक्षक सौरभ बोथरा ने किया।

हर घर योग बना वैश्विक आंदोलन

यह रिकॉर्ड संस्था के 21 दिवसीय ‘हर घर योग’ अभियान का समापन था। इसका उद्देश्य था लोगों को नियमित योग की आदत के लिए प्रेरित करना। इस प्रयास ने शरीर और मन के स्वास्थ्य को प्रोत्साहित किया और उम्र, स्थान और अनुभव से परे एकता की भावना भी जगाई। यह संस्था का पांचवां विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले यूट्यूब लाइव स्ट्रीम, वर्चुअल ध्यान सत्र और एक-दिन की लाइव व्यूअरशिप जैसे रिकॉर्ड भी इसके नाम हैं। 1 करोड़ से अधिक लोगों के समुदाय के साथ संस्था ने सिद्ध कर दिया कि छोटी आदतें भी दुनिया में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।

Created On :   22 Jun 2025 7:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story