महंगाई: दीपावली पर फ्लाइट में जमकर वसूला किराया

दीपावली पर फ्लाइट में जमकर वसूला किराया
यात्रियों से 3 गुना से अधिक भाड़ा वसूली

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हर साल की तरह इस बार भी दीपावली के मौके पर चौका लगाते हुए विमानन कंपनियों ने यात्री भाड़ा कई गुना बढ़ा दिया है। विशेषकर मुंबई, पुणे और दिल्ली की यात्रा करने वाले विमान यात्रियों से 3 गुना से अधिक भाड़ा वसूला जा रहा है। विमान यात्री भाड़ा में वृद्धि का यह सिलसिला नवंबर माह के अंत तक जारी रहने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। त्योहारी भीड़ की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

ट्रेनें फुल, बसें भी खचाखच : अधिकांश ट्रेनें फुल हैं। नागपुर से मुंबई, पुणे का बस भाड़ा भी कई गुना बढ़ा दिया गया है। बसें खचाखच भरी रहती हैं। इसी तर्ज पर नागपुर से मुंबई का विमान भाड़ा 4251 से बढ़ाकर 14751 रुपए व नागपुर से पुणे का विमान भाड़ा 4146 से बढ़ाकर 15066 रुपए तक कर दिया गया है। नागपुर से नई दिल्ली विमान भाड़े में भी वृद्धि की गई। आम दिनों में नागपुर से नई दिल्ली विमान का यात्री भाड़ा 5511 रहता था, जो बढ़ाकर 8480 रुपए कर दिया है।

गो-फर्स्ट की सेवा बंद होने का पड़ा असर : आर्थिक बदहाली से जूझ रही गो-फर्स्ट की विमान सेवा विगत कई माह से बंद है, जिसका खामियाजा विमान यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। घरेलू उड़ान सेवा में अपना दबादबा बनाए रखते हुए एयर इंडिया व इंडिगो द्वारा कुछ नई उड़ानों की भी घोषणा की गई है। इसके साथ ही विमान यात्री भाड़ा भी बढ़ाकर कई गुना अधिक वसूला जा रहा है। नागपुर से मुंबई तक की यात्रा के लिए इंडिगो द्वारा वयस्क यात्री भाड़ा 11,286 व एयर इंडिया द्वारा 14,751 रुपए निर्धारित किया गया है, जो कई गुना अधिक है।

Created On :   14 Nov 2023 6:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story