अंगदान: ब्रेन डेड व्यक्ति के अंगदान से तीन लोगों को नया जीवन, अन्य दो को मिलेगी रोशनी

ब्रेन डेड व्यक्ति के अंगदान से तीन लोगों को नया जीवन, अन्य दो को मिलेगी रोशनी
  • नागपुर जिले में 132वां अंगदान
  • अंग प्रत्यारोपण समन्वयक प्रीति जैन ने की पहल
  • परिजन हुए तैयार तो किया आर्गेन डोनेट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सुभाष नगर में कामगार कालोनी निवासी मोरेश्वर मेश्राम (69) की तबीयत खराब होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन उपचार को प्रतिसाद नहीं मिलने पर उन्हें ब्रेन हैमरेज होने का अनुमान लगाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत सभी तरह की जरूरी जांच की। जांच के दौरान उनके मस्तिष्क में तीव्र रक्तस्त्राव होने का पता चला। उनकी हालत और बिगड़ने लगी थी। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें ब्रेन डेड घाेषित किया। इसके बाद अंग प्रत्यारोपण समन्वयक प्रीति जैन ने इसकी जानकारी परिजनों व रिश्तेदारों को दी।

परिवार में बेटा सुमित (35) व वैभव (29) और बेटी अपेक्षा डोंगरे (31) है। प्रीति जैन से परिजनों को अंगदान के बारे में बताया। उनका समुपदेशन कर अंगदान से समाज को किस तरह से लाभ होता है, इसकी जानकारी दी। बेटा व बेटी ने पिता के अंगदान व साथ ही देहदान करने का निर्णय लिया, ताकि मृतदेह मेडिकल के विद्यार्थियों को अध्ययन के काम आ सके। इसकी जानकारी विभागीय अंग प्रत्यारोपण समिति को दी गई। समिति ने तुरंत आगे की प्रक्रिया पूरी की। परिजनों ने मृतक की दो किडनी, लिवर व दोनों आखों का कार्निया दान करने की अनुमति दी।

मृतदेह मेडिकल के विद्यार्थियों के लिए दान : विभागीय प्रत्यारोपण समिति ने प्रतीक्षा सूची की पड़ताल करने के बाद जरूरतमंदों पर उनके अंग प्रत्यारोपित किए। एक किडनी एलेक्सिस हॉस्पिटल में 32 साल के पुरुष मरीज पर, दूसरी किडनी ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल में 58 साल की महिला मरीज पर और लिवर एलेक्सिस अस्पताल में 59 साल की महिला मरीज पर प्रत्यारोपित की गई। आंखों के दोनों कार्निया महात्मे आई बैंक को सौंपे गए। विभागीय अंग प्रत्यारोपण समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय कोलते व सचिव डॉ. संजय सक्सेना ने यह जानकारी दी है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) से संलग्न सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में विभागीय अंग प्रत्यारोपण समिति का कार्यालय है। अंगदान को लेकर किसी भी जानकारी के लिए व आपात स्थिति में हेल्पलाइन क्र.-9175999735 पर संपर्क करने का आह्वान किया गया है।

Created On :   31 Jan 2024 6:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story