तैयारी पूरी: कांग्रेस की महारैली: सोनिया, राहुल, प्रियंका कार से पहुंचेंगे रैली में, बाकी नेता बस से

कांग्रेस की महारैली: सोनिया, राहुल, प्रियंका कार से पहुंचेंगे रैली में, बाकी नेता बस से
अशोक चव्हाण ने लिया तैयारियों का जायजा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गुरुवार 28 दिसंबर को होने जा रही कांग्रेस की महारैली ‘हैं तैयार हम’ की तैयारी अंतिम चरणों में है। कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने मंगलवार को नागपुर के दिघोरी नाका स्थित ‘भारत जोड़ो मैदान’ पहुंचकर रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ विरोधी पक्षनेता विजय वडेट्टीवार, शिवाजीराव मोघे सहित अनेक नेता उपस्थित थे। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि सभा के लिए सोनिया व राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा सहित पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे कार से सभा स्थल पर पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश स्तर के सभी नेता बस से जाएंगे। पटोले ने बताया कि सोनिया, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा गुरुवार को करीब 1 बजे नागपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वर्धा रोड स्थित होटल रेडीसन ब्लू में रुकेंगे। वहां फ्रेश होने के बाद सीधे बाय रोड सभा स्थल के लिए रवाना होंगे। सभा में लाखों की संख्या में नागरिक शामिल होंगे।

विदर्भ हमेशा कांग्रेस के साथ : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि विदर्भ हमेशा कांग्रेस के साथ खड़ा रहा है। विदर्भ और कांग्रेस की अलग बॉण्डिंग है। सी-वोटर सर्वेक्षण पर उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कांग्रेस के पक्ष में होने के कारण भाजपा वाले भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। जनमत कांग्रेस के साथ है। उसका प्रतिबिंब सर्वे में दिखा है। रैली से देश को संदेश जाएगा। भाजपा के 10 साल के शासनकाल से जनता दु:खी है। बेरोजगारी, महंगाई, विकास के मुद्दे पर भाजपा सरकार असफल रही है। इस सभा के माध्यम से भाजपा को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। प्रकाश आंबेडकर को महाविकास आघाड़ी में शामिल करने को लेकर वे पहले से अनुकूल हैं।

जेब ढीली नहीं करने का आरोप : कांग्रेस की रैली को सिर्फ दो दिन बचे हैं। लेकिन शहर में जिस तरह का माहौल बनना चाहिए था, वह अभी तक तैयार नहीं हुआ। बड़े-बड़े होर्डिंग्स, फ्लेक्स, बैनर कुछ भी नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में शहर में कांग्रेस की सभा होने जा रही है, यह अहसास नहीं हो रहा है। एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नेता अपनी जेब ढीली करने को तैयार नहीं है। सभी जेब में हाथ डाले खड़े हैं। फलस्वरूप रैली के लिए माहौल तैयार नहीं हुआ है। शहर को छोड़ दिया जाए तो यह तैयारी सिर्फ सभा स्थल तक सीमित दिख रही है। सभा स्थल पर स्टेज का काम लगभग पूरा हो गया है। इसके अलावा सभा स्थल पर ग्रीन कार्पेट डालने का काम किया गया। कुर्सियां लग रही हैं। रोड के किनारे बैरिकेड्स लगाकर सुरक्षित किया जा रहा है। पुलिस वाले अभी से बंदोबस्त में हैं।

तैयारी पूरी, अशोक चव्हाण सहित अनेक नेता पहुंचे समीक्षा करने

पांडव कॉलेज बना वार रूम : कांग्रेस की रैली दक्षिण नागपुर के मैदान में होने जा रही है। पिछली बार दक्षिण नागपुर से गिरीश पांडव कांग्रेस के उम्मीदवार थे। ऐसे में गिरीश पांडव के पांडव कॉलेज से रैली की तैयारी को अंजाम दिया जा रहा है। कॉलेज को ही वार रूम बनाया गया है। रैली का जायजा लेने के बाद अशोक चव्हाण ने पांडव कॉलेज में ही नेताओं के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। फिलहाल दिल्ली से अ.भा. कांग्रेस के 9 सचिव स्तर के पदाधिकारियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। बुधवार को दिल्ली करीब 200 लोग नागपुर पहुंचेंगे। वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोईली, प्रदेश प्रभारी रमेश चेनिथल्ला भी आएंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र के सभी बड़े नेता नागपुर में होंगे। बैठक में कांग्रेस नेता बालासाहब थोरात, नितीन राऊत, सतीश चतुर्वेदी, विलास मुत्तेमवार, चंद्रकांत हंडोरे, नसीम खान, नाना गावंडे, अतुल कोटेचा आदि उपस्थित थे।

Created On :   27 Dec 2023 5:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story