रोष: मनोरोगी ने गांधीबाग दवा मार्केट में फोड़ीं दो दर्जन कारें , लोगों ने की पिटाई

मनोरोगी ने गांधीबाग दवा मार्केट में फोड़ीं दो दर्जन कारें , लोगों ने की पिटाई
  • कुछ समय के लिए तनाव का माहौल
  • तहसील पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
  • बुलेट पार्क करने के लिए लोग जगह नहीं देते,इसलिए कारें फोड़ीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गांधीबाग दवा मार्केट में एक व्यक्ति ने बड़ी संख्या में कारों के कांच फोड़ दिए। इसे लेकर लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। तहसील पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मानसिक तौर पर बीमार बताया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने खुद के सात नाम बताए : आरोपी ने गांधीबाग दवा मार्केट परिसर के आस-पास खड़ी व्यापारियों की कार एम.एच.-31-डी.के.-1683, एम.एच.-49-ए.ई.-5763, एम.एच.-43-ए.टी.-1333, एम.एच.-49-ए.एस.-5478, एम.एच.-05-ए.एफ.-4555, एम.एच.-31-सी.एम.-0197, ऐसे करीब दो दर्जन से ज्यादा कारों के कांच फोड़ दिए हैं। एक साथ इतनी कारों के कांच फाेड़ने से हड़कंप मचा रहा।

गुस्साए लोगों ने पीछा कर 25 वर्षीय आरोपी को पकड़ा और पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुजाद्दीन हुसैन, जाकिर हुसैन, सलमान कुरैशी आदि ऐसे सात नाम बताए हैं। उसके पहनावे और बोलचाल से वह मानसिक रोगी बताया जा रहा है। उसने बताया कि वह अमरावती का रहने वाला है। उसकी बुलेट पार्क करने के लिए लोग जगह नहीं देते हैं, इसलिए उसने कारें फोड़ीं। इस घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।

मनपा का निलंबित अभियंता गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर : मनपा के निलंबित अभियंता को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को अदालत मंे पेश कर उसे सदर पुलिस ने रिमांड पर लिया है। आरोपी नीलेश सांबारे है। वह मनपा के धंतोली जोन में अभियंता था।

यह है मामला : 8 सितंबर 2011 से 5 जुलाई 2022 के बीच नीलेश ने मनपा के कर अधिकारी भूपेश थुटे, गोपाल गायकवाड़, गोविंद वाघमारे और राहुल नामक व्यक्ति की मदद से पीड़ित व्यापारी को कोल्ड स्टोरेज के लिए सरकारी जमीन लीज पर दिलाने का झांसा देकर उसे गड्डीगोदाम, जूना बाबुलखेड़ा व अन्य पांच स्थानों पर जगह दिखाई। उसके फर्जी दस्तावेज बनाए और विविध शुल्क बताकर उससे करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपियों का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ और मामला पुलिस के पास पहुंचा। प्रकरण दर्ज कर बारी-बारी से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से कुछ आरोपी जेल गए, तो कुछ जमानत पर हैं। इस प्रकरण से मनपा ने नीलेश को निलंबित कर दिया था, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 17 मार्च तक पुलिस की रिमांड पर भेज दिया है।

यह भी पढ़े -मामला चितनीय है, 78 फीसदी लोगों को नींद की समस्या से आ रहा है हार्ट अटैक

Created On :   16 March 2024 10:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story